Site icon hindi.revoi.in

इंडोनेशिया ओपन : आयुष शेट्टी आगे बढ़े, प्रणय व उन्नति परास्त, सात्विक-चिराग की जोड़ी हटी

Social Share

जकार्ता, 3 जून। भारत के युवा शटलर आयुष शेट्टी ने बुधवार को जबर्दस्त वापसी करते हुए इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। लेकिन एच. एस. प्रणय व उन्नति हुड्डा को पहले ही दौर में पराजय झेलनी पड़ी।

फिलहाल BWF टूर के सुपर 1000 टूर्नामेंट में भारतीय अभियान को सबसे बड़ा झटका तब लगा, जब बीते रविवार को दो वर्षों का खिताबी सूखा खत्म करने के साथ सिंगापुर ओपन में चैम्पियन बने सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी की स्टार जोड़ी मैच के बीच से हट गई।

आयुष ने विश्व नंबर 15 चीनी स्पर्धी होंग येंग चेंग को दी शिकस्त

दुनिया के 20वें नंबर के खिलाड़ी आयुष ने इस्तोरा सेनायन के कोर्ट नंबर तीन पर उलटफेर किया और पहला गेम गंवाने क बावजूद 66 मिनट तक खिंचे संघर्ष में विश्व नंबर 15 चीनी शटलर होंग येंग चेंग को 8-21, 22-20, 21-15 से हरा दिया।

पहले गेम में करारी हार के बाद 21 वर्षीय आयुष ने दूसरे गेम में 11-15 से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए मुकाबले को तीसरे और निर्णायक गेम में खींचा। बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता आयुष ने तीसरे और निर्णायक गेम में पूरी तरह से दबदबा बनाते हुए दूसरे दौर में प्रवेश किया, जहां उनकी भिड़ंत हांगकांग के ली च्युक यू से होगी।

प्रणय आयरिश शटलर एनहाट से तीन गेमों में हारे

हालांकि विश्व रैंकिंग में 35वें नंबर तक जा खिसके 33 वर्षीय एचएस प्रणय को पहले दौर में ही आयरलैंड के एनहाट एनगुएन के खिलाफ तीन गेमों में 17-21, 21-16, 19-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी। 72 मिनट तक चली कश्मकश का पहला गेम गंवाने के बाद प्रणय ने वापसी करते हुए दूसरा गेम जीता, लेकिन तीसरे और निर्णायक गेम में कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद वह हार गए।

उन्नति को जापानी ओकुहारा ने मात दी

वहीं महिला एकल में विश्व नंबर 23 उन्नति हुड्डा को को जापानी नोजोमी ओकुहारा ने सिर्फ 38 मिनट में 21-15, 21-14 से हरा दिया। महिला एकल में अब पीवी सिंधु के रूप में इकलौती भारतीय चुनौती बची है। विश्व नंबर 12 सिंधु का गुरुवार को मौजूदा ओलम्पिक चैंपियन और विश्व नंबर एक कोरियाई दिग्गज एन से-यंग से सामना होगा। पूर्व विश्व नंबर एक सिंधु का एन से-यंग के खिलाफ मैच रिकॉर्ड 0-9 है।

मिश्रित युगल में रोहन-गड्डे की जोड़ी दूसरे दौर में

आयुष के अलावा भारत को दिन की दूसरी सफलता मिश्रित युगल में मिली, जब रोहन कपूर व ऋतविका गड्डे की 41वें नंबर की जोड़ी ने चीनी ताइपे की पो सुआन येंग व लिंग फेंग हू के खिलाफ 36 मिनट में 21-14, 21-14 की जीत से दूसरे दौर में जगह बनाई।

सात्विक के दाएं कंधे में उभरी तकलीफ से भारतीय जोड़ी को हटना पड़ा

हालांकि भारतीय समर्थक उस समय निराश हो गए, जब सात्विक व चिराग को पुरुष युगल के पहले दौर के मुकाबले से सात मिनट में ही हटना पड़ा। भारतीय जोड़ी जब केंग खाइ शिंग व एरोन टाइ की मलेशियाई टीम के खिलाफ 6-11 से पीछे थी, तभी सात्विक को अपने दाएं कंधे की ओर इशारा करते देखा गया। यहीं मैच रोका गया और जल्द ही भारतीय जोड़ी ने मुकाबले से हटने की घोषणा कर दी।

 

Exit mobile version