Site icon hindi.revoi.in

अयोध्या जंक्शन अब अयोध्या धाम जंक्शन कहलाएगा, पीएम मोदी 30 दिसम्बर को भव्य भवन का करेंगे लोकार्पण

Social Share

अयोध्या, 27 दिसम्बर। रेल मंत्रालय ने अयोध्या जंक्शन रेलवे स्टेशन का नाम आज से बदलकर अयोध्या धाम जंक्शन कर दिया है। यह जानकारी अयोध्या के भाजपा सांसद लल्लू सिंह ने बुधवार को दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसम्बर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे में अयोध्या धाम जंक्शन पर पहुंचकर रेलवे स्टेशन के भव्य भवन का लोकार्पण करेंगे।

स्थानीय भाजपा सांसद लल्लू सिंह ने बताया कि गत 21 दिसम्बर को अयोध्या दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या जंक्शन रेलवे स्टेशन के निरीक्षण समय कहा था कि अयोध्या जंक्शन का नाम अयोध्या धाम जंक्शन रखा जाना चाहिए। इसी के बाद से ही नामकरण को लेकर चर्चा तेज हो गई थी। लल्लू सिंह ने भी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर अयोध्या धाम जंक्शन करने की मांग की थी। जन प्रतिनिधियों का आग्रह स्वीकार करते हुए रेल मंत्रालय ने आज अयोध्या धाम जंक्शन की घोषणा कर दी।

पीएम मोदी दो नई ट्रेनों – वंदे भारत व अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी भी दिखाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसम्बर को अयोध्या धाम जंक्शन पर पहुंचकर रेलवे स्टेशन के भव्य भवन का लोकार्पण करेंगे। वहीं से दो नई ट्रेनों – वंदे भारत और अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर आनंद विहार दिल्ली के लिए रवाना करेंगे। रेलवे स्टेशन परिसर पूरी तरह सजाया गया है। रात को विद्युत की सजावट अद्भुत और आकर्षक दिख रही है, जिसे देखने अयोध्या के साधु संत गृहस्थ पहुंच रहे हैं।

पीएम मोदी के दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए युद्धस्तर पर जुटी है योगी सरकार

इस बीच पीएम मोदी का अयोध्या दौरा ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बनाने के लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने कमर कस ली है। तीन प्रमुख मंत्री अयोध्या में कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए कैंप कर रहे हैं। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अयोध्या के सर्किट हाउस में कैंप करके पूरे कार्यक्रम की मॉनीटरिंग कर रहे हैं।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही सरजू होटल में कैंप कर रहे हैं। उप वहीं मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने अयोध्या का दौरा करके स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करके कुंभ जैसा स्वास्थ्य निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम को ऐतिहासिक और अद्भुत बनाने के लिए 28 और 29 दिसम्बर को अयोध्या में रहेंगे और बारीकी के साथ पूरे कार्यक्रम का निरीक्षण करेंगे।

Exit mobile version