Site icon hindi.revoi.in

टी20 सीरीज : ऑस्ट्रेलियाई महिलाओं ने की वापसी, दूसरे मैच में भारत 19 रनों से हारा

Social Share

कैनबरा, 19 फरवरी। जॉर्जिया वोल (88 रन, 57 गेंद, एक छक्का, 11 चौके) और बेथ मूनी (46 रन, 39 गेंद, चार चौके) के बीच पहले विकेट के लिए हुई 128 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की मदद से ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने गुरुवार को यहां दूसरे महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत को 19 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबरी पर पहुंचा दी।

जॉर्जिया वोल व बेथ मूनी के बीच रिकॉर्ड शतकीय साझेदारी

मानुका ओवल में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य मेजबान टीम ने पांच विकेट पर 163 रनों की मजबूत स्कोर खड़ा किया। इसका श्रेय मुख्य रूप से वोल व मूनी को जाता है, जिन्होंने पहले विकेट की साझेदारी में भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी भागीदारी पर अपना नाम लिखा लिया।

अच्छी शुरुआत के बाद भारतीय टीम 144 रनों तक पहुंच सकी

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम शानदार शुरुआत के बावजूद 20 ओवरों में नौ विकेट पर 144 रनों तक पहुंच सकी। कप्तान हरमनप्रीत कौर (36 रन, 30 गेंद, पांच चौके), स्मृति मंधाना (31 रन, 24 गेंद, चार चौके) और शेफाली वर्मा (29 रन, 23 गेंद, पांच चौके) को छोड़ अन्य बल्लेबाज ज्यादा देर तक विकेट पर नहीं टिक सकीं।

भारत ने 7 रनों की वृदधि पर गंवा दिए 6 विकेट

स्मृति व शेफाली ने भारत को तेज शुरुआत दी और पावरप्ले में स्कोर 54 रनों तक जा पहुंचा था। फिर हरमनप्रीत और ऋचा घोष (19) ने चौथे विकेट के लिए 55 रन जोड़े। हरमनप्रीत के रूप में चौथा विकेट गिरा तो 17वें ओवर में स्कोर 126 था। लेकिन मेहमानों ने आखिर में सात रनों के अंदर छह विकेट गंवा दिए। ऑस्ट्रेलिया के लिए एश्ले गार्डनर ने 22 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि किम गार्थ, अनाबेल सदरलैंड और कप्तान सोफी मोलिनू को दो-दो विकेट मिले।

स्कोर कार्ड

इसके पूर्व सपाट पिच पर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ वोल व मूनी ने भारतीय आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए 14.5 ओवरों में 128 रन जोड़े। दोनों ने भारत के खिलाफ महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में ऑस्ट्रेलिया की पहले विकेट के लिए 115 रनों की साझेदारी का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा, जो मार्च, 2020 में मेलबर्न में एलिसा हीली और मूनी की जोड़ी ने बनाई थी। अरुंधति रेड्डी 30 रन देकर दोनों ओपनरों को लौटाया।

तीसरा टी20 शनिवार को एडिलेड ओवल में खेला जाएगा

भारत ने सिडनी में खेले गए पहले मैच में डीएलएस पद्धति से 21 रन से जीत हासिल की थी। सीरीज का निर्णायक मुकाबला शनिवार (21 फरवरी) को एडिलेड ओवल में खेला जाएगा। टी20 सीरीज के बाद 24 फरवरी, 27 फरवरी व एक मार्च को तीन एक दिनी अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। दौरे का समापन पर्थ में छह मार्च से प्रस्तावित इकलौते टेस्ट मैच के साथ होगा।

Exit mobile version