Site icon hindi.revoi.in

अशोक गहलोत का TMC पर सियासी प्रहार, कहा- बंगाल में भाजपा के प्रवेश के लिए ममता बनर्जी जिम्मेदार, राहुल गांधी सही बोल रहे हैं

Social Share

कोलकाता, 27 अप्रैल। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने रविवार को कोलकाता प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान ममता बनर्जी सरकार और केंद्र की मोदी सरकार पर तीखे सियासी प्रहार किए। पश्चिम बंगाल के चुनावी दौरे पर आए गहलोत ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के रुख का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि बंगाल की धरती पर भाजपा की एंट्री के लिए सीधे तौर पर ममता बनर्जी और उनकी सरकार का भ्रष्टाचार और नीतियां जिम्मेदार हैं।

गहलोत ने कहा कि पश्चिम बंगाल की तहजीब और संस्कार देश के अन्य हिस्सों से बिल्कुल अलग हैं, जहाँ कभी भाजपा के प्रवेश की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। उन्होंने श्री राहुल गांधी के बयान को दोहराते हुए कहा कि बंगाल में भ्रष्टाचार और घोटालों के संदेश ने जनता के बीच गलत प्रभाव डाला है। सरकार के भीतर की चुप्पी ने भाजपा को राज्य में सेंध लगाने का मौका दे दिया।

गहलोत ने सवाल उठाया कि जिस प्रदेश की संस्कृति इतनी समृद्ध हो, वहां यदि भाजपा घुस रही है तो इसके लिए ममता सरकार की विफलताएं ही दोषी हैं। “बंगाल में कभी सोच नहीं सकते थे कि बीजेपी कभी प्रवेश भी करेगी। यहां की संस्कृति बिल्कुल अलग है, उस प्रदेश के अंदर अगर बीजेपी घुस रही है तो कौन दोषी है? ममता बनर्जी, उनकी सरकार दोषी है। गलत क्या कहा श्री राहुल गाँधी ने ? ”

गहलोत ने बताया कि हमारी सरकार जाने के दो साल बाद भी राजस्थान के हर घर में हमारी योजनाओं की चर्चा है। उन्होंने कहा कि हमने राजस्थान में स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक सफल प्रयोग किया, जहाँ 25 लाख रुपए लाख तक का मुफ्त इलाज, MRI, CT स्कैन और दवाइयां पूरी तरह निःशुल्क की गईं। उन्होंने बताया कि राजस्थान में पचपदरा में लग रही रिफाइनरी का 85 %काम उनके कार्यकाल में हुआ था।

गहलोत ने कहा, “मेरा सपना है कि जो प्रयोग हमने राजस्थान में करके दिखाया, वह बंगाल और पूरे देश में लागू हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि बंगाल में युवाओं के लिए AI केंद्र और महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा जैसे वादे केवल कागज पर नहीं हैं, बल्कि यह कांग्रेस की प्रतिबद्धता है जिसे हम पूरा करके दिखाएंगे।

भाजपा करती है होर्सट्रेडिंग, राजस्थान में फेल हो गए…

गहलोत ने केंद्र सरकार और भाजपा की कार्यप्रणाली को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मोदी जी का ग्राफ लगातार गिर रहा है। उन्होंने भाजपा पर ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ के जरिए लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया। श्री गहलोत ने कहा कि कर्नाटक, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में जिस तरह चुनी हुई सरकारों को गिराया गया, वह देश ने देखा है। राजस्थान में भाजपा की कोशिशों के बारे में श्री गहलोत ने बताया कि राजस्थान के अंदर भी इन्होंने कोशिश करी लेकिन ये गिरा नहीं पाए और फेल हो गए।

Exit mobile version