Site icon hindi.revoi.in

मुंबई : शिवाजी पार्क में सोमवार को होगा आशा भोसले का अंतिम संस्कार

Social Share

मुंबई, 12 अप्रैल। भारतीय संगीत जगत की मशहूर हस्ती और प्रख्यात गायिका आशा भोसले का अंतिम संस्कार सोमवार को यहां शिवाजी पार्क में किया जाएगा। दिवंगत आशा ताई के बेटे आनंद भोसले ने रविवार को यह जानकारी दी।

गौरतलब है कि 92 वर्षीय आशा भोसले का आज ही दिन में यहां ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हुआ। दिल का दौरा पड़ने की वजह से उन्हें रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके निधन से संगीत जगत, फिल्म बिरादरी और दुनियाभर के फैंस में शोक की लहर दौड़ गई है। लोगों ने सोशल मीडिया पर आकर भारतीय संगीत में महान गायिका के शानदार योगदान को याद किया है।

आनंद भोसले ने बताया कि आमजन सोमवार (13 अप्रैल) को उन्हें अपनी अंतिम श्रद्धांजलि दे सकेंगे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘मेरी मां का आज निधन हो गया। लोग कल सुबह 11 बजे कासा ग्रैंड, लोअर परेल में उन्हें अपनी अंतिम श्रद्धांजलि दे सकते हैं, जहां वह रहती थीं। उनका अंतिम संस्कार कल (सोमवार) अपराह्न चार बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा।

भारतीय संगीत की सबसे मशहूर और बहुमुखी आवाजों में से एक मानी जाने वाली आशा भोसले का करिअर सात दशकों से भी ज्यादा लंबा रहा। उन्होंने कई भाषाओं में हजारों गाने रिकॉर्ड किए और अनगिनत ऐसे सदाबहार गाने दिए, जो पीढ़ियों से लोकप्रिय बने हुए हैं। उनके निधन के साथ ही, भारतीय संगीत जगत ने अपनी सबसे प्रतिष्ठित आवाजों में से एक को खो दिया है, जिनकी विरासत कलाकारों और संगीत प्रेमियों की आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

Exit mobile version