Site icon hindi.revoi.in

पंचतत्व में विलीन हुईं आशा भोसले, शिवाजी पार्क में राजकीय सम्मान के साथ महान गायिका का अंतिम संस्कार, बेटे आनंद ने दी मुखाग्नि

Social Share

मुंबई, 13 अप्रैल। भारतीय संगीत जगत की सशक्त हस्ताक्षर व प्रख्यात गायिका आशा भोसले का सोमवार को अपराह्न यहां  शिवाजी पार्क स्थित श्मशान घाट पर पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। बेटे आनंद भोसले ने दिवंगत मां को मुखाग्नि दी।

गौरतलब है कि 92 वर्षीय आशाताई का रविवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हुआ था। आशा भोसले का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शनों के लिए लोअर परेल स्थित उनके आवास ‘कासा ग्रांडे’ में पूर्वाह्न लगभग 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रखा गया, ताकि फैंस, शुभचिंतक और इंडस्ट्री के सदस्य उन्हें अपनी अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें।

अंतिम विदाई के दौरान सीएम फडणवीस सहित तमाम हस्तियों की उपस्थिति

आशाताई की अंतिम विदाई के वक्त अन्त्येष्टि स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्रीद्वय एकनाथ शिंदे व सुनेत्रा पवार समेत कई राजनेता शामिल हुए। वहीं, बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान, विक्की कौशल, सिंगर शान समेत कई सेलेब्स गायिका की अंतिम विदाई में शामिल हुए।

सचिन तेंदुलकर से मिलकर भावुक हो उठीं पोती जनाई

पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सचिन तेंदुलकर व मो. सिराज सहित अन्य दिग्गज क्रिकेटर भी आशाताई को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। आशा भोसले की पोती जनाई भोसले इस दौरान आगंतुकों से बात करते हुए भावुक हो गईं। उन्हें सचिन तेंदुलकर और उनके परिवार से मिलते वक्त फूट-फूटकर रोते हुए देखा गया।

तिरंगे की सलामी दी गई

अंतिम यात्रा से पहले दिन में आशा भोसले का पार्थिव शरीर मुंबई स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया। इस दौरान दिवंगत महान गायिका को गॉर्ड ऑफ ऑनर के साथ तिरंगे की सलामी भी दी गई।

महाराष्ट्र के राज्यपाल ने दी श्रद्धांजलि

महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने आशाताई के आवास पर जाकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

ठाकरे परिवार भी आवास पहुंचा

शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, उनकी पत्नी रश्मि ठाकरे और नेता आदित्य ठाकरे ने भी आवास पहुंचकर आशा भोसले को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं परिवार के सदस्यों, फिल्मी हस्तियों और फैंस की मौजूदगी में माहौल बेहद गमगीन था।

बिग बी ने भावुक पोस्ट के जरिए जताया शोक

इस बीच बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने आशा भोसले के निधन पर शोक जताया है. उन्होंने अपने ब्लॉग पर गायिका के लिए एक भावुक नोट साझा किया है। उन्होंने लिखा है – शोक और दुख, एक पूरा युग, एक अविश्वसनीय, एक अद्भुत, हैरतअंगेज, असाधारण हस्ती, कल हमसे दूर हो गई। मशहूर और दिग्गज आशा भोसले जी हमें छोड़कर चली गईं। गहरे दुख के साथ, हर उस गीत में जान डाल देने की उनकी बेमिसाल काबिलियत, जिसे उन्होंने अपनी आवाज दी, अब स्वर्ग सिधार गई है और हमारे लिए सदाबहार संगीत का एक पूरा खजाना छोड़ गई है। उनका शरीर तो हमें छोड़कर चला गया, लेकिन उनकी आत्मा हमेशा हमारे साथ रहेगी। उनकी आवाज, जो उनकी आत्मा है, हमेशा अमर रहेगी।’

Exit mobile version