Site icon hindi.revoi.in

सोनिया गांधी की ‘संप्रभुता’ वाली टिप्पणी पर अनुराग ठाकुर का हमला, बोले – ‘भारत को तोड़ने की साजिश कर रही कांग्रेस’

Social Share

नई दिल्ली, 8 मई। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा चुनाव प्रचार में कर्नाटक के लिए ‘संप्रभुता’ शब्द के इस्तेमाल पर भारतीय जनता पार्टी बेहद कड़ी टिप्पणी की है। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को कांग्रेस पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी द्वारा ‘कर्नाटक की संप्रभुता’ वाली टिप्पणी से पता चलता है कि कांग्रेस पार्टी इस देश का विभाजन चाहती है। श्रीमती गांधी के दिए भाषण से साफ है कि कांग्रेस के भीतर भारत को विघटित करने की गहरी साजिश हो रही है।

दरअसल यह विवाद तब सामने आया, जब कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से साझा किए पोस्ट में कहा गया, ‘कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी जी ने 6.5 करोड़ कन्नडिगों को एक मजबूत संदेश भेजा है कि कांग्रेस किसी को भी कर्नाटक की प्रतिष्ठा, संप्रभुता या अखंडता के लिए खतरा पैदा करने की अनुमति नहीं देगी।’

कांग्रेस के इसी ट्वीट पर हमलावर भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने ट्विटर पर पटलवार करते हुए कहा, ‘कर्नाटक की संप्रभुता का हवाला देकर सोनिया गांधी जी आपने भारत को तोड़ने की कांग्रेस की गहरी साजिश का खुलासा कर दिया है।’

अनुराग ठाकुर ने कहा कि लोग यह नहीं भूले हैं कि कैसे कांग्रेस सरकार ने जनभावना के खिलाफ जाकर शरारतपूर्ण तरीके से भाजपा की ‘एक राष्ट्र, एक ध्वज’ के प्रति निष्ठा का उपहास उड़ाने के लिए कर्नाटक के लिए एक अलग झंडा पेश किया था। इसके साथ ही ठाकुर ने दावा किया, ‘न तो सोनिया गांधी और न ही उनकी पार्टी कांग्रेस ने कभी भारत को एक राष्ट्र के रूप में स्वीकार किया। कन्नडिगा कांग्रेस की योजना को विफल कर देंगे।’

गौरतलब है कि वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने कर्नाटक के लिए अलग राज्य ध्वज के लिए एक नए डिजाइन को मंजूरी दी थी और उसके लिए बाकायदा केंद्र सरकार को एक प्रस्ताव भी भेजा था।

भाजपा ने चुनाव आयोग से कांग्रेस की मान्यता रद करने की गुहार लगाई

इस बीच सोनिया गांधी के भाषण के विवाद के संबंध में भाजपा ने उनके खिलाफ काररवाई करने और कांग्रेस पार्टी की मान्यता रद करने के लिए चुनाव आयोग से गुहार लगाई है। इसके लिए भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की अगुआई में एक प्रतिनिधिमंडल ने आयोग को एक ज्ञापन सौंपा।

भाजपा की ओर से कहा गया, ‘कर्नाटक भारत संघ में एक बहुत ही महत्वपूर्ण सदस्य राज्य है और भारत संघ के सदस्य राज्य की संप्रभुता की रक्षा करने का कोई भी आह्वान अलगाव के आह्वान के समान है और यह खतरनाक और घातक परिणामों से भरा हुआ है।’

भूपेंद्र यादव बोले – कांग्रेस का घोषणापत्र टुकड़े-टुकड़े गैंग का एजेंडा

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘उन्होंने (सोनिया गांधी) जान बूझकर संप्रभुता शब्द का इस्तेमाल किया। कांग्रेस का घोषणापत्र टुकड़े-टुकड़े गैंग का एजेंडा है और इसलिए वे इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि चुनाव आयोग इस देश विरोधी कृत्य के खिलाफ काररवाई करेगा।’

Exit mobile version