Site icon Revoi.in

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- प्रियंका को कांग्रेस शासित राज्यों में नहीं दिखता अपराध

Social Share

लखनऊ, 4 जनवरी। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने 2022 के उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले महिला केंद्रित नारा दिया था, लेकिन जब कांग्रेस शासित राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं होती हैं तो वह कभी दिखाई नहीं देती हैं। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का हर सहयोगी दल उसे छोड़ रहा है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘उप्र विधानसभा चुनाव से पहले प्रियंका जी ने ‘बेटी हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा दिया था। लेकिन, जब कांग्रेस शासित राजस्थान और अन्य राज्यों में महिलाओं के खिलाफ बलात्कार, हत्या और अपहरण जैसे अपराध होते हैं, तो वह कहीं नहीं दिखती हैं..किस बेटी के अधिकार के लिए वह आवाज उठाना चाहती हैं?”

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल न होने संबंधी सवाल पर पर ठाकुर ने कहा कि हर राजनीतिक दल एक-एक करके कांग्रेस छोड़ रहा है। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘कोई भी ‘हाथ’ (कांग्रेस का चुनाव चिह्न) पकड़ने को तैयार नहीं है। जो दल कभी कांग्रेस के सहयोगी रहे हैं, वे उस पार्टी के साथ गठबंधन करने के लिए तैयार नहीं हैं।”

बता दें कि कांग्रेस कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पूरे जोश और उत्साह के साथ आज सुबह बागपत के मवीकला से शुरु हो गई। ठीक 6:00 बजे इस यात्रा का नेतृत्व राहुल गांधी सबसे आगे करते हुए चल रहे थे। उनके साथ कांग्रेस के दिग्गज नेता भी मौजूद रहे। बेहद कड़े सुरक्षा इंतजाम और सुरक्षा घेरे में राहुल गांधी हॉफ टीशर्ट में तेजी से चलते हुए दिखाई दिए।