Site icon hindi.revoi.in

बैडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप : आयुष शेट्टी का एक और उलटफेर, जोनाथन क्रिस्टी को स्तब्ध कर सेमीफाइनल में, पदक भी पक्का

Social Share

निंगबो (चीन), 10 अप्रैल। युवा भारतीय शटलर आयुष शेट्टी ने यहां बैंक ऑफ निंगबो बैडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप में  शुक्रवार को फिर जबर्दस्त उलटफेर किया और विश्व नंबर चार इंडोनेशियाई स्टार जोनाथन क्रिस्टी पर स्तब्धकारी जीत से पुरुष एकल सेमीफाइनल में जगह बनाने के साथ पदक भी पक्का कर लिया।

भारतीय शटलर ने तीसरी सीड को 54 मिनट में शिकस्त दी

मौजूदा अमेरिकी ओपन सुपर 300 चैम्पियन और BWF विश्व रैंकिंग में 25वें स्थान पर काबिज शेट्टी ने निंगबो ओलम्पिक स्पोर्ट्स सेंटर के कोर्ट नंबर दो पर सीधे, लेकिन कठिन क्वार्टरफाइनल में पूर्व चैम्पियन व तीसरी सीड क्रिस्टी को 54 मिनट में 23-21, 21-17 से शिकस्त दी।

क्रिस्टी संग पहली मुलाकात में बीस छूटे शेट्टी

जोनाथन क्रिस्टी और उम्र में उनसे आठ वर्ष छोटे 20 वर्षीय शेट्टी के बीच टूर पर यह पहली भिड़ंत थी। क्रिस्टी एशियाई खेलों के साथ एशियाई चैम्पियनशिप में भी स्वर्ण पदक विजेता रहे हैं। वह उस इंडोनेशियाई टीम का भी हिस्सा थे, जिसने 2020 में थॉमस कप जीता था।

अब विश्व नंबर एक वितिदसार्न से होगी मुलाकात

उल्लेखनीय है कि शेट्टी ने पहले दौर में विश्व नंबर सात चीनी दिग्गज लिन शी फेंग को सीधे गेमों में स्तब्ध किया तो गुरुवार को राउंड 16 में चीनी ताइपे के 20वीं रैंकिंग वाले खिलाड़ी ची यू जेन पर भी सीधे गेमों में ही जीत हासिल की थी। शनिवार को सेमीफाइनल में शेट्टी का मुकाबला अब विश्व नंबर एक थाई स्टार कुनलावुत वितिदसार्न से होगा।

क्रिस्टी के खिलाफ पहले गेम में दो गेम अंक बचाकर की वापसी

BWF वर्ल्ड जूनियर चैम्पियनशिप 2023 में कांस्य पदक जीतने वाले आयुष ने एक कड़े मुकाबले के बाद पहला गेम अपने नाम किया। क्रिस्टी ने शुरुआत से ही बढ़त हासिल कर ली थी और वह दो अंकों की लीड के साथ गेम प्वॉइंट तक पहुंच गए थे। हालांकि, आयुष ने संयम बनाए रखा और न सिर्फ दोनों गेम अंक बचाए वरन 23-21 से गेम भी जीत लिया।

दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के स्कोर कई बार बराबर हुए, जिसके बाद 10-9 के स्कोर पर आयुष ने मैच पर अपना नियंत्रण बना लिया। वहां से भारतीय शटलर ने बढ़त बनाए रखी और इस टूर्नामेंट में अब तक बिना कोई गेम गंवाए अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा।

गौरतलब है कि आयुष को छोड़ एकल मुकाबलों में उतरे अन्य भारतीयों की चुनौती गुरुवार को ही समाप्त हो गई थी, जिनमें अनुभवी एचएस प्रणय, पूर्व विश्व नंबर एक पीवी सिंधु व उभरती शटलर उन्नति हुड्डा शामिल हैं। वहीं देश के शीर्षस्थ एकल शटलर लक्ष्य सेन व अनुभवी किदाम्बी श्रीकांत पहले ही दौर में हार गए थे। युगल में भी दो भारतीय टीमें गुरुवार को हारकर बाहर हो गई थीं।

Exit mobile version