Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : समीर रिजवी की एक और मैच जिताऊ पारी, दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से दी शिकस्त

Social Share

नई दिल्ली, 4 अप्रैल। मुकेश कुमार (2-26) की अगुआई में गेंदबाजों की कसावट के बाद समीर रिजवी एक फिर निखरे और उनकी लगातार दूसरी पराक्रमी पारी (90 रन, 51 गेंद, सात छक्के, सात चौके) से दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने शनिवार को यहां टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के पहले डबल हेडर के पहले मैच में 11 गेंदों के शेष रहते मुंबई इंडियंस (MI) को छह विकेट से शिकस्त दे दी।

रोहित और अर्धशतकवीर सूर्या के प्रयासों से 162 रनों तक पहुंची मुंबइया टीम

अरुण जेटली स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य पांच बार की पूर्व चैम्पियन टीम विपक्षी गेंदबाजों पर ज्यादा प्रभुत्व नहीं जमा सकी और कप्तान सूर्यकुमार यादव (51 रन, 36 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) व पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (35 रन, 26 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) सहित अन्य के अंशदानों के बावजूद छह विकेट पर 162 रनों तक पहुंची।

समीर व निसांका ने दिल्ली कैपिटल्स की जीत सुनिश्चित की

जवाबी काररवाई में दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत पिछले मैच की भांति बिगड़ गई, जब पहली 10 गेंदों पर केएल राहुल (एक रन) व नीतीश राणा (शून्य) पैवेलियन लौट चुके थे। लेकिन यहीं पथुम निसांका (44 रन, 30 गेंद, एक छक्का, छह चौके) व ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ समीर रिजवी ने न सिर्फ स्थिति संभाली वरन गेंदबाजों का धुर्रा उड़ाते हुए मेजबानों की जीत सुनिश्चित कर दी, जिन्होंने 18.1 ओवरों में चार विकेट पर 164 रन बना लिए।

निसांका व समीर ने तीसरे विकेट पर जोड़े 66 रन

उल्लेखनीय है कि लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ सामान्य लक्ष्य का पीछा करते हुए भी दिल्ली कैपिटल्स ने 26 पर चार विकेट गंवा दिए थे। लेकिन रिजवी व ट्रिस्टन स्टब्स ने 119 रनों की अटूट साझेदारी से टीम को मंजिल दिलाई थी। आज भी खराब शुरुआत हुई, जब दीपक चाहर ने चौथी गेंद पर राहुल को निबटा दिया और अगले ओवर में नीतीश रन आउट हो गए। लेकिन इसके बाद पथुम संग समीर ने 49 गेंदों पर 66 रन जोड़ दिए।

समीर व डेविड मिलर के बीच 78 रनों की भागीदारी

मिचेल सैंटनर ने 10वें ओवर में निसांका को लौटाया तो समीर को डेविड मिलर (नाबाद 21 रन, 18 गेंद, चार चौके) का साथ मिला। इन दोनों ने 39 गेंदों पर 78 रनों की भागीदारी से दल को जीत के करीब पहुंचा दिया। हालांकि कॉर्बिन बोच ने 17वें ओवर में समीर को मायूय किया (4-151)। लेकिन मिलर ने ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद तीन रन) के साथ मिलकर जीत की औपचारिकता पूरी कर दी।

दिल्ली कैपिटल्स लगातार दूसरी जीत के साथ शीर्ष पर

राजस्थान रॉयल्स व गुजरात टाइटंस के बीच दिन के दूसरे मैच से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने इस लगातार दूसरी जीत के साथ ही अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। हालांकि पंजाब किंग्स के भी दो मैचों से चार अंक हैं, लेकिन वह तनिक कमजोर नेट रन रेट से दूसरे स्थान पर है। वहीं अपने पहले मैच में घरेलू मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स को हराने वाले मुंबई इंडियंस की दो मैचों में यह पहली पराजय थी।

रोहित व सूर्या के बीच 53 रनों की साझेदारी

इसके पूर्व मुंबई इंडियंस की पारी देखें तो मुकेश कुमार ने शुरुआत बिगाड़ दी और अपने पहले दो ओवरों में रियान रिकेल्टन (नौ रन) व तिलक वर्मा (0) को चलता कर दिया। इसके बाद रोहित व सूर्यकुमार ने 40 गेंदों पर 53 रन जोड़ कर स्थिति सुधारी।

स्कोर कार्ड

अक्षर पटेल ने रोहित के आउट कर भागीदारी तोड़ी तो शेर्फेन रदरफोर्ड (पांच) भी जल्द निकल गए। फिर सूर्या ने नमन धीर (28 रन, 21 गेंद, एक छक्का, दो चौके) की मौजूदगी में पचासा जड़ने के साथ स्कोर 16वें ओवर में 122 तक पहुंचाया। एंगिडी ने 16वें ओवर में सूर्या को पगबाधा किया तो धीर 19वें ओवर में नटराजन के शिकार बने। अंत में सैंटनर (नाबाद 18 रन, 13 गेंद, दो चौके) व कॉर्बिन बोच (नाबाद 11 रन, चार गेंद, दो चौके) ने स्कोर 160 के पार किया।

रविवार के मैच : सनराइजर्स हैदराबाद बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स (हैदराबाद, अपराह्न 3.30 बजे), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (बेंगलुरु, शाम 7.30 बजे)

Exit mobile version