Site icon Revoi.in

‘जो राम के नहीं, वो किसी के नहीं’… आलाकमान के फैसले से नाराज एमपी में कांग्रेस नेता ने दिया इस्तीफा

Social Share

ग्वालियर, 16 जनवरी। श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी जोरों-शोरों से चल रही है। भाजपा नेताओं द्वारा लगातार मंदिरों की सफाई की जा रही है। वहीं, कांग्रेस आलाकमान ने इस समारोह में शामिल न होने का एलान कर दिया है। हालांकि इस फैसले से पार्टी के कई नेता नाराज हैं।

इसी नाराजगी की वजह से ग्वालियर कांग्रेस के उपाध्यक्ष व तीन बार पार्षद रहे आनंद शर्मा ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में कांग्रेस आलाकमान के शामिल न होने के फैसले से दुखी होकर उन्होंने यह फैसला लिया है।

मैं अपने पड़ोसियों से आंख नहीं मिला पा रहा : आनंद शर्मा

कांग्रेस से नाता तोड़ने को लेकर उन्होंने कहा जो कांग्रेस राम की नहीं है, वह अब किसी की नहीं है। राम से विमुख हुई कांग्रेस का हर कार्यकर्ता आज शीर्ष नेतृत्व से व्यथित है। शर्मा का कहना है कि वे आज अपने पड़ोसी से आंख से आंख मिलाकर बात नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि उनका एक ही सवाल है कि श्रीराम लला के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से कांग्रेस ने दूरी क्यों बनाई? इस सवाल का जवाब हम जैसे कार्यकर्ता के पास तो नहीं है।

पिछले 48 वर्षों से कांग्रेस से जुड़े थे आनंद शर्मा

आनंद शर्मा ने मीडिया से राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि आज यह जो कुछ हो रहा है कि उसकी आधारशिला कांग्रेस ने ही रखी थी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के समय की कांग्रेस की नीतियों की वर्तमान में अवहेलना हो रही है। वह पिछले 48 वर्षों से कांग्रेस से जुड़े थे।

मिलिंद देवड़ा ने दो दिन पहले  कांग्रेस से दिया था इस्तीफा

गौरतलब है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री व मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने भी दो दिन पहले 14 जनवरी को कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। इस्तीफा देने के बाद मिलिंद ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति घुटन भरी और जहरीली लग रही है।’ शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता ने कहा कि वही पार्टी है, जिसने 30 साल पहले आर्थिक सुधारों की शुरुआत की थी, वह अब एक ऐसी पार्टी बन गई है जो उद्योगपतियों, व्यापारियों को गाली दे रही है और व्यापारियों को ‘देश-विरोधी’ कह रही है।