Site icon Revoi.in

बिहार : राम नवमी के बाद हिंसा के कारण अमित शाह की सासाराम रैली रद

Social Share

पटना, 1 अप्रैल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दो अप्रैल को सासाराम में प्रस्तावित रैली रद कर दी गई है। सासाराम में राम नवमी के बाद शुक्रवार को हुए बवाल से उपजे तनाव के चलते यह फैसला लिया गया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं एमएलसी संजय मयूख ने शनिवार को यह जानकारी दी। हालांकि, अमित शाह अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज शाम बिहार के दौरे पर आएंगे और उनका पटना व नवादा के कार्यक्रम यथावत रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि अमित शाह सासाराम में शाह सम्राट अशोक की जयंती समारोह में शिरकत करने के उपरांत एक जनसभा को संबोधित करने वाले थे। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शाह की इस रैली को अहम माना जा रहा था। रेलवे ग्राउंड में विशाल जनसभा का भी आयोजन किया जाना था। इसके लिए प्रदेश बीजेपी के नेताओं ने पूरी तैयारियां कर ली थीं। हालांकि, अब शाह का सासाराम में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित कर दिया है।

उपद्रव के बाद सासाराम में इंटरनेट बंद, धारा 144 लागू

गौरतलब है कि सासाराम में शुक्रवार को नवरात्रि विसर्जन जुलूस के दौरान दो गुटों में झड़प हो गई थी। इसके बाद जमकर पत्थरबाजी और आगजनी की गई। उपद्रव में दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए। इसके बाद इलाके में इंटरनेट बंद कर दिया गया और धारा 144 लगा दी गई। जिले में फिलहाल हालात काबू में हैं, लेकिन प्रभावित इलाकों को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। उपद्रव फैलाने के आरोप में 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

भाजपा बोली – अमित शाह जब भी आते हैं, नीतीश सरकार बेचैन हो जाती है

इस बीच अमित शाह के दौरे से पहले सासाराम में हुए उपद्रव पर भाजपा ने नीतीश सरकार पर हमला बोला है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा का कहना है कि अमित शाह का सासाराम जाना सत्ताधारी दलों को पच नहीं रहा। जब-जब शाह का बिहार दौरा होता है, नीतीश सरकार की बेचैनी बढ़ जाती है।