अररिया, 26 फरवरी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि देश को घुसपैठियों से मुक्त कराना कोई चुनावी वादा नहीं बल्कि केंद्र की मोदी सरकार का दृढ़ संकल्प है। बिहार के अररिया में गुरुवार को बॉर्डर आउट पोस्ट ‘लेटी’ और ‘इंदरवा’ के उद्घाटन तथा सशस्त्र सीमा बल के विभिन्न कार्यों के ई-लोकार्पण और ई-शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए य बात कही।
एक-एक घुसपैठिए की पहचान कर उन्हें बाहर किया जाएगा
अमित शाह ने कहा कि एक-एक घुसपैठिए की पहचान कर उन्हें भारत की भूमि से बाहर किया जाएगा और इस दिशा में ठोस काररवाई जल्द शुरू होगी। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा सड़क योजना के तहत 556 किलोमीटर लंबी बॉर्डर रोड को स्वीकृति दी गई है, जिसमें 18 में से 14 खंडों का कार्य पूरा हो चुका है और शेष चार खंडों में काम तेजी से चल रहा है।
बिहार के अररिया में बॉर्डर आउट पोस्ट्स 'लेटी' व 'इंदरवा' के उद्घाटन और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के विभिन्न कार्यों के ई-लोकार्पण, ई-शिलान्यास से लाइव… https://t.co/zNxwxpS1S8
— Amit Shah (@AmitShah) February 26, 2026
सीमा सुरक्षा और निगरानी पर जोर
गृह मंत्री ने कहा कि सड़क परियोजना पूरी होने से सीमा पर निगरानी क्षमता बढ़ेगी और नागरिकों की सुविधाएं भी बेहतर होंगी। विकास योजनाओं को अंतिम सीमा तक पहुंचाने में भी इससे मदद मिलेगी। उन्होंने सशस्त्र सीमा बल की सराहना करते हुए कहा कि मित्र देश के साथ लगी सीमा की सुरक्षा के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखना आवश्यक है।
सूचना तंत्र और सीमांत गांवों की भूमिका
अमित शाह ने सशस्त्र सीमा बल के जवानों और अधिकारियों से सीमांत गांवों के साथ बेहतर संवाद और संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि समय पर सटीक सूचनाएं मिल सकें और देशविरोधी तत्वों की घुसपैठ रोकी जा सके।
उन्होंने कहा कि सीमा से 10 किलोमीटर के दायरे में मौजूद अवैध अतिक्रमणों को हटाने का अभियान चलाया जाएगा और घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसांख्यिकीय परिवर्तन से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार हैं और सीमांचल क्षेत्र में यह अभियान जल्द शुरू किया जाएगा।
घुसपैठ राष्ट्रीय सुरक्षा की चुनौती
शाह ने कहा कि घुसपैठिए केवल चुनाव को प्रभावित नहीं करते, बल्कि गरीबों के राशन, युवाओं के रोजगार और राष्ट्र की सुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। उन्होंने सीमांचल की जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि इस अभियान को जनभागीदारी से ही सफलता मिलेगी।

