Site icon hindi.revoi.in

कर्नाटक चुनाव : राहुल गांधी के आरोपों पर अमित शाह का जवाब – ‘कमीशनखोरी का सबूत है तो कोर्ट जाओ’

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 24 अप्रैल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कर्नाटक विधानसभा चुनाव के प्रचार के क्रम में सोमवार को दक्षिणी राज्य के दौरे पर हैं। उन्होंने चामराजनगर जिले के गुंडलूपेट में और सकलेशपुर के अलूर में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब दिया और कहा कि अगर उनके पास कमीशनखोरी का पुख्ता सबूत है तो वह कोर्ट में जाएं। इस मुद्दे पर न एक भी जांच है न मुकदमा, जनता किस प्रकार ऐसे निराधार आरोप पर विश्वास करेगी? जनता विश्वास नहीं करेगी।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा था कि कर्नाटक की भाजपा सरकार भारत में सबसे भ्रष्ट है। वे 40 फीसदी कमीशन लेते हैं। वही पैसा पिछली सरकार के विधायकों को चुराने के लिए इस्तेमाल किया गया था। क्या पीएम बताएंगे कि गोवा, एमपी, कर्नाटक, पूर्वोत्तर में विधायकों को खरीदने के लिए पैसे का क्या स्त्रोत है।

अमित शाह ने यह भी कहा, ‘इस बार हम यहां काफी सीटें जीतकर बहुत आगे जा रहे हैं। कांग्रेस का जातिवादी चरित्र है। भाजपा लिंगायत, वोक्कालिगा, SC/ST सबको साथ में लेकर आगे बढ़ रही है। जनता भाजपा को चुनने जा रही है। कांग्रेस को निश्चित ही करारी हार मिलेगी और मोदी जी के नेतृत्व में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी।

Exit mobile version