Site icon hindi.revoi.in

कर्नाटक विधानसभा चुनाव : अमित शाह ने भाजपा के लिए निर्धारित किया 150 सीटों का लक्ष्य

Social Share

बेंगलुरु, 2 अप्रैल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कर्नाटक में अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी है और राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के समक्ष 150 सीटों का लक्ष्य रखा है।

अमित शाह ने इस कड़ी में शुक्रवार की शाम भाजपा की कर्नाटक इकाई की कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में चुनाव से पहले अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं को पार्टी में शामिल करने और संगठन को मजबूत बनाने के तरीकों पर भी चर्चा हुई।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कतील ने बैठक के बारे में जानकारी देते हुए बताया, ‘कोर कमेटी ने अगले चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक कार्यों पर चर्चा की। अमित शाह अगले चुनाव में 225 सदस्यीय विधानसभा में 150 सीटें जीतने के उद्देश्य से कार्य योजना को लागू करने के लिए हमारा मार्गदर्शन किया। उन्होंने हमें अगले चुनाव के मद्देनजर तैयारियों के लिए दिशानिर्देश दिए हैं।’

अमित शाह और कतील के अलावा, कोर कमेटी की बैठक में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और जगदीश शेट्टार, केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और सी.टी. रवि, मंत्री के.एस. ईश्वरप्पा, श्रीरामुलु, सीएन अश्वथ नारायण और गोविंद कारजोल सहित अन्य नेता शामिल हुए।

Exit mobile version