Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : रोमांच की पराकाष्ठा के बीच GT का खुला खाता, अंतिम गेंद पर DC एक रन से परास्त

Social Share

नई दिल्ली, 8 अप्रैल। अरुण जेटली स्टेडियम में बुधवार की रात रोमांच की पराकाष्ठा दिखी, जब अंतिम गेंद तक खिंचे संघर्ष में गुजरात टाइटंस (GT) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को एक रन से हराकर टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के मौजूदा सत्र में अपना खाता खोल लिया, जिसे पहले दोनों मैचों में पराजय झेलनी पड़ी थी। वहीं दिल्ली कैपिटल्स को शुरुआती दोनों मैचों में मिली जीत के बाद पहली पराजय का सामना करना पड़ा।

गिल, बटलर व सुंदर के तूफानी पचासों से 210 रनों तक पहुंचा था गुजरात टाइटंस

पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने वाले जीटी ने कप्तान शुभमन गिल (70 रन, 45 गेंद, पांच छक्के, चार चौके), जोस बटलर (52 रन, 27 गेंद, पांच छक्के, तीन चौके) व वॉशिंगटन सुंदर (55 रन, 32 गेंद, दो छक्के, छह चौके) की तूफानी पारियों से चार विकेट पर 210 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था।

राहुल, निसांका व मिलर की कोशिशों के बावजूद 209 रनों तक जाकर ठहर गई दिल्ली 

जवाबी काररवाई में ओपनर केएल राहुल के धुआंधार 92 रनों (52 गेंद, चार छक्के, 11 चौके) के अलावा उनके सलामी जोड़ीदार पथुम निसांका (41 रन, 24 गेंद, एक छक्का, छह चौके) व डेविड मिलर (नाबाद 41 रन, 20 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) की कोशिशों के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स की टीम आठ विकेट पर 209 रनों तक जाकर रुक गई।

अंतिम दो ओवरों का रोमांच

दरअसल, मुकाबले में रोमांचक की पराकाष्ठा तो अंतिम दो ओवरों में दिखी, जब दिल्ली कैपिटल्स को 36 रनों की दरकार थी। मोहम्मद सिराज ने 19वें ओवर में 23 रन खर्च कर डाले, जिसमें मिलर ने एक चौका व दो छक्के जड़ दिए जबकि उनके सहयोगी विपराज निगम (12 रन, सात गेंद, दो चौके) ने एक चौका ठोका।

दिल्ली को जीत के करीब पहुंचाने के बाद मिलर ठिठक गए

अब अंतिम ओवर में दिल्ली जीत से 13 रनों के फासले पर खड़ी थी। प्रसिद्ध कृष्णा (2-52) की पहली गेंद पर निगम ने चौका जड़ दिया, लेकिन अगली गेंद पर वह आउट हो गए। दूसरी तरफ मिलर ने चौथी गेंद पर लांग ऑफ पर बड़ा छक्का उड़ा दिया।

अंक तालिका

आखिरी दो गेंदों पर दो रनों की जरूरत थी। तभी पांचवीं गेंद पर मिलर ने कोई रन नहीं लिया जबकि अंतिम गेंद पर कुलदीप यादव (एक रन) रन आउट हो गए। दिल्ली ने वाइड गेंद के लिए रिव्यू भी लिया, जो नाकाम रहा। इसके साथ ही मेहमान टीम ने राहत की सांस ली, जो अंतिम समय तक सांसत में फंसी हुई थी। गुजरात के पिछले मैच में कप्तानी करने वाले स्टार अफगानी स्पिनर राशिद खान (3-17) ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किए गए।

निसांका व राहुल ने पहले विकेट पर जोड़े 76 रन

दिल्ली की पारी देखें तो पथुम निसांका और राहुल ने अच्छी शुरुआत करते हुए 49 गेंदों पर 76 रनों की साझेदारी कर दी। प्रसिद्ध कृष्णा ने नौवें ओवर में यह साझेदारी तोड़ी, जब पहली गेंद पर निसांका मिडॉफ में राहुल तेवतिया को कैच दे बैठे। दूसरी तरफ राहुल रंगत में थे और दिल्ली के सौ रन दसवें ओवर में आ गए। हालांकि इसी ओवर की आखिरी दो गेंदों पर राशिद खान ने नीतीश राणा (पांच रन) और फॉर्म में चल रहे समीर रिजवी (0) को पैवेलियन भेजकर दिल्ली को दो बड़े झटके दे दिए।

स्कोर कार्ड

दिल्ली की उम्मीदें अब राहुल पर टिकी थीं, लेकिन वह शतक से आठ रनों के फासले पर 17वें ओवर में सिराज की गेंद पर विकेट के पीछे बटलर को कैच दे बैठे। इसके बाद मिलर व विपराज निगम ने साहसिक प्रयासों से दल को जीत के एकदम करीब तक पहुंचाया, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा की अंतिम दो गेंदों पर मिलर टीम की जीत सुनिश्चित करने से चूक गए।

गिल व बटलर के बीच 32 गेंदों पर 60 रनों की साझेदारी

इसके पहले गुजरात की पारी में ओपनर साई सुदर्शन (12 रन, सात गेंद, दो चौके) ने तेज हाथ दिखाने की कोशिश की, लेकिन मुकेश कुमार (2-55) ने तीसरे ही ओवर में सुदर्शन को चलता कर दिया। लेकिन मांसपेशियों में ऐंठन से उबरकर वापसी करने वाले कप्तान गिल व जोस बटलर ने मैदान पर चौतरफा प्रहार शुरू कर दिया। गुजरात के 50 रन 4.2 ओवरों में पूरे हो गए। शुभमन व बटलर के बीच 32 गेंदों पर तेज 60 रनों की साझेदारी आ गई। तभी कुलदीप यादव (1-42) ने बटलर की विदाई कर दी।

सुंदर व शुभमन ने तीसरे विकेट के लिए 61 गेंदों पर ठोके 104 रन

लेकिन अब सुंदर ने गिल का बखूबी साथ निभाया और दोनों ने 61 गेंदों पर 104 रनों की विस्फोटक भागीदारी कर दी। लुंगी एंगिडी (1-32) ने 18वें ओवर में गिल को आउट किया तो सुंदर ने ग्लेन फिलिप्स (नाबाद 14 रन, नौ गेंद, एक छक्का, एक चौका) संग मिलकर टीम को 200 के पार पहुंचाया। अंतिम ओवर में मुकेश ने सुंदर के रूप में सुंदर के रूप में अपनी दूसरी सफलता हासिल की।

गुरुवार का मैच : कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स (कोलकाता, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version