नई दिल्ली, 20 मार्च। मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट के बीच भारत में LPG के लिए पहले ही मारामारी चल रही थी कि अब अब पेट्रोल पर इसका असर पड़ने लगा है। इस क्रम में सरकारी पेट्रोलियम कम्पनियों ने प्रीमियम पेट्रोल की कीमत में शुक्रवार (20 मार्च) से ₹2.35 तक की बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि सामान्य पेट्रोल की दरें अपरिवर्तित रखी गई हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, बीपीसीएल के स्पीड, एचपीसीएल के पावर और आईओसीएल के एक्सपी95 की कीमतों में ₹2.09 से ₹2.35 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, अभी रेगुलर पेट्रोल की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
IOC ने इंडस्ट्रियल डीजल के दाम में 22 रुपये की बढ़ोतरी की
वहीं इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) ने इंडस्ट्रियल डीजल के दाम में 22 रुपये की बढ़ोतरी की है। इसे ₹87.67 प्रति लीटर से बढ़ाकर ₹109.59 प्रति लीटर कर दिया है। माना जा रहा है कि इस बढ़ोतरी से औद्योगिक सेक्टर, लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट कॉस्ट पर असर पड़ सकता है। इससे महंगाई बढ़ने की आशंका है।
उल्लेखनीय है कि ईरान और अमेरिका/इजराइल ने एक दूसरे के एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया है। इससे कच्चे तेल की कीमत में तेजी आई है। गुरुवार को कच्चा तेल एक समय 116 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था। हालांकि बाद में उसमें कुछ नरमी आई। आज ब्रेंट क्रूड 1.19 फीसदी तेजी के साथ 109.9 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है। ईरान युद्ध के कारण होर्मुज की खाड़ी से जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है। इस कारण कच्चा तेल महंगा हुआ है। दुनिया का 20 फीसदी तेल और गैस इसी रास्ते से आता है।
भारत के लिए होर्मुज की खाड़ी बहुत अहम है क्योंकि देश की क्रूड और गैस की अधिकतर सप्लाई इसी रास्ते आती है। हालांकि वहां समस्या को देखते हुए भारत अब दूसरे स्रोतों से तेल और गैस खरीद रहा है। पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक भारत का 70 फीसदी कच्चा तेल अब दूसरे रास्तों से आ रहा है। इसी तरह गैस भी दूसरे स्रोतों से खरीदी जा रही है।
तेल की कमी नहीं
पेट्रोलियम मिनिस्ट्री ने गुरुवार को कहा था कि देश की रिफाइनरीज पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं और किसी भी फ्यूल आउटलेट पर तेल की कोई कमी नहीं है। पेट्रोलियम मंत्रालय में जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने कहा कि तेल मार्केटिंग कंपनियां देशभर में पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण कर रही हैं ताकि किसी भी गलत प्रैक्टिस से बचा जा सके।
The whole world is currently struggling with the consequences of war.
Gasoline and petrol prices have surged across many countries, and diesel prices have risen sharply.
But these numbers clearly show one thing: under PM Modi’s leadership, India remains safe and stable.
No… pic.twitter.com/0Qf7ut6lx6
— BJP (@BJP4India) March 20, 2026
इस बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक एक्स पोस्ट में कई देशों में हाल में पेट्रोल और डीजल का एक चार्ट शेयर करते हुए कहा कि ईरान युद्ध के कारण पूरी दुनिया संघर्ष कर रही है। कई देशों में गैस और पेट्रोल की कीमतों में तेजी आई है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लीडरशिप में भारत सुरक्षित और स्थिर है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की शांति और प्रगति को कोई भी दुष्प्रचार नहीं डिगा सकता।

