Site icon hindi.revoi.in

मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच मोदी कैबिनेट की आज बड़ी बैठक, सभी मंत्रियों को दिल्ली में रहने का निर्देश

Social Share

नई दिल्ली, 20 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच देशों की यात्रा से लौटते ही गुरुवार को केंद्रीय मंत्रिपरिषद की एक अहम बैठक होने वाली है। इस दौरान अलग-अलग मंत्रालयों के कामकाज, प्रमुख निर्णयों और उनके परिणामों और भविष्य की योजनाओं सहित अन्य विषयों पर चर्चा की जाएगी। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पीएम मोदी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सभी कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और अन्य राज्य मंत्री शामिल होंगे। मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच, यह इस वर्ष मंत्रिपरिषद की पहली बैठक होगी।

सरकारी सूत्रों ने बताया कि बैठक में विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के कामकाज, हाल ही में लिए गए प्रमुख निर्णयों और उनके परिणामों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। इसी क्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के विभिन्न पहलुओं, उन्हें अधिकतम सफलता के लिए कैसे लागू किया जाए और अन्य विषयों की भी समीक्षा किए जाने की उम्मीद है।

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री इस बैठक के दौरान पश्चिम एशिया में जारी संकट और उसके आर्थिक प्रभावों का जिक्र कर सकते हैं और नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, इस बाबत मंत्रालयों एवं विभागों को आवश्यक दिशानिर्देश दे सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, बैठक में ऊर्जा, कृषि, उर्वरक, विमानन, जहाजरानी और रसद जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा सकता है।

संबंधित मंत्रालयों को निर्देश

उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के तुरंत बाद पीएम मोदी ने सभी संबंधित मंत्रालयों को निर्देश दिया था कि नागरिकों और युद्ध के कारण प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं को दूर करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएं। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में आम जनता के लाभ के लिए सभी क्षेत्रों में सुधार लाने की सरकार की प्राथमिकता पर भी चर्चा होने की संभावना है।

Exit mobile version