नई दिल्ली, 23 फरवरी। भारत सरकार ने ईरान पर मंडरा रहे अमेरिकी हमले के खतरे के बीच ईरान में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है और उन्हें सलाह दी है कि वह वाणिज्यिक उड़ानों सहित उपलब्ध परिवहन साधनों का उपयोग करके तुरंत ईरान छोड़ दें।
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने ईरान में रह रहे अपने नागरिकों के लिए सोमवार को एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि, ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों (छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों और पर्टयटकों) को वाणिज्यिक उड़ानों समेत उपलब्ध अन्य साधनों का उपयोग करके ईरान छोड़ने की सलाह दी जाती है।
दूतावास ने अपनी गत 14 जनवरी की एडवाइजरी दोहराई है, जिसमें सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों से सावधानी बरतने, विरोध या प्रदर्शन वाली जगहों से बचने, दूतावास के संपर्क में रहने और अपडेट के लिए लोकल मीडिया पर करीब से नजर रखने को कहा गया था।
एडवाइजरी में लिखा है, ‘भारत सरकार की 5 जनवरी, 2026 को जारी एडवाइजरी के मुताबिक, और ईरान में बदलते हालात को देखते हुए, जो भारतीय नागरिक अभी ईरान में हैं (स्टूडेंट, तीर्थयात्री, बिज़नेस करने वाले और टूरिस्ट) उन्हें सलाह दी जाती है कि वे कमर्शियल फ्लाइट्स समेत ट्रांसपोर्ट के मौजूद तरीकों से ईरान छोड़ दें।’
इसमें आगे कहा गया है, ‘14 जनवरी, 2026 की एडवाइजरी में यह दोहराया जाता है कि सभी भारतीय नागरिक और PIO सावधानी बरतें, विरोध या प्रदर्शन वाली जगहों से बचें, ईरान में भारतीय एम्बेसी के संपर्क में रहें और किसी भी डेवलपमेंट के लिए लोकल मीडिया पर नजर रखें।’
दूतावास की X पर एक पोस्ट के माध्यम से जारी की गई एडवाइजरी में कहा गया है, ‘ईरान में सभी भारतीय नागरिकों से रिक्वेस्ट है कि वे अपने ट्रैवल और इमिग्रेशन डॉक्यूमेंट्स, जिसमें पासपोर्ट और ID शामिल हैं, अपने पास आसानी से रखें। उनसे रिक्वेस्ट है कि इस बारे में किसी भी मदद के लिए वे भारतीय एम्बेसी से संपर्क करें।’
हेल्पलाइन और रजिस्ट्रेशन लिंक
दूतावास ने मदद के लिए इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं : +989128109115, +989128109109, +989128109102 और +989932179359, साथ ही सपोर्ट के लिए एक ऑफिशियल ईमेल एड्रेस cons.tehran@mea.gov.in भी जारी किया है।
ईरान में रहने वाले जिन भारतीय नागरिकों ने अब तक एम्बेसी में एनरोल नहीं किया है, उन्हें इसकी वेबसाइट पर मौजूद ऑनलाइन फॉर्म का इस्तेमाल करके रजिस्टर करने की सलाह दी गई है। यदि ईरान में इंटरनेट सर्विस में रुकावट आती है, तो भारत में रहने वाले परिवार के सदस्यों से उनकी तरफ से रजिस्ट्रेशन प्रोसेस पूरा करने के लिए कहा गया है।
दूतावास ने ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों से, जिन्होंने दूतावास पर भारतीय सुरक्षा कार्यालय में रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, (https://www.meaers.com/request/home) लिंक पर रजिस्ट्रेशन का अनुरोध किया गया है। दूतावास ने कहा कि यदि ईरान में इंटरनेट सेवा बाधित होने के कारण कोई भारतीय नागरिक रजिस्ट्रेशन करने में असमर्थ है तो भारत में उनके परिवार से अन्य लोग भी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

