Site icon hindi.revoi.in

अंबेडकर जयंती आज : पीएम मोदी ने किया नमन, कहा- राष्ट्र निर्माण में बाबा साहेब अंबेडकर के प्रयास बेहद प्रेरणादायक

Social Share

नई दिल्ली, 14 अप्रैल। अंबेडकर जयंती के अवसर पर मंगलवार को पीएम मोदी ने बाबा साहेब अंबेडकर के योगदान को याद किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए बाबा साहेब अंबेडकर को नमन किया। एक्स पोस्ट में एक पुराने थ्रोबैक वीडियो को शेयर किया गया है, जिसमें पीएम मोदी यह कहते दिख रहे हैं कि आज का दिन देश के इतिहास का बहुत बड़ा दिन है। पीएम मोदी ने कहा कि अंबेडकर केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक संकल्प हैं। बाबा साहेब ने अपने जीवन को संघर्ष से जोड़ा और समाज की बुराइयों के खिलाफ लड़ाई लड़े। उन्होंने यह भी कहा कि अंबेडकर ने अपने व्यक्तिगत सम्मान या मर्यादा की चिंता किए बिना समाज के अंतिम पायदान पर खड़े दलित, पिछड़े, शोषित और वंचित वर्ग के लोगों को बराबरी और सम्मान दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष किया। अपमान सहने के बावजूद वे अपने मार्ग से कभी विचलित नहीं हुए।

प्रधानमंत्री ने बताया कि 2014 के बाद उनकी सरकार ने अंबेडकर जी की प्रेरणा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने महू की जन्मभूमि, लंदन की शिक्षा स्थली, दिल्ली की महापरिनिर्वाण स्थली और नागपुर की दीक्षा भूमि का विकास कर उन्हें ‘पंचतीर्थ’ के रूप में विकसित किया है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के दिखाए रास्ते पर चलते हुए देश तेजी से गरीबों, दलितों और वंचितों के जीवन में बदलाव ला रहा है। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने भी बाबा साहेब को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने हर वर्ग को समान अधिकार और अवसर देने वाला संविधान देकर भारतीय लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी। अमित शाह ने यह भी उल्लेख किया कि अंबेडकर ने देश की अखंडता के लिए धारा 370 का मजबूती से विरोध किया था। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हमें सिखाता है कि जब संकल्प देश सेवा और जनकल्याण का हो, तो हर बाधा छोटी हो जाती है।

राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार ने अपने संदेश में अंबेडकर को भारत के संविधान निर्माता, महान समाज सुधारक और सामाजिक न्याय के पुरोधा के रूप में याद किया। उन्होंने कहा कि अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत आधार दिया। उनके विचार और आदर्श हमें एक समावेशी और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए लगातार प्रेरित करते रहेंगे। पूर्व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी बाबा साहेब को नमन करते हुए उन्हें सामाजिक क्रांति का संवाहक और संविधान का शिल्पी बताया। उन्होंने कहा कि अंबेडकर ने समता, स्वतंत्रता और सामाजिक न्याय के मूल्यों से भारत के नवनिर्माण की नींव मजबूत की। जेपी नड्डा ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब के विचार हमें जनसेवा और विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।

Exit mobile version