Site icon hindi.revoi.in

अंबेडकर जयंती : मुख्यमंत्री योगी व केशव मौर्य समेत कई नेताओं ने किया बाबासाहेब को नमन

Social Share

लखनऊ, 14 अप्रैल। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित दी। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती पूरे देश में धूमधाम से मनाई जा रही है। डॉ. भीमराव अंबेडकर को भारतीय संविधान का निर्माता कहा जाता है। नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बाबा साहेब के संवैधानिक आदर्श ही देश को समानता, न्याय और सशक्त समाज की दिशा देते हैं।

सभी नेताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलकर समतामूलक और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार अपने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि समता, न्याय और बंधुत्व के उच्च आदर्शों से आलोकित, समरस एवं समावेशी समाज की आधारशिला रखने वाले भारतीय संविधान के शिल्पकार ‘भारत रत्न’ बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। अंत्योदय और लोक-कल्याण के प्रति समर्पित बाबा साहब सच्चे अर्थों में माँ भारती के अमूल्य रत्न हैं। उनका प्रेरक जीवन हम सभी के लिए सदैव पथप्रदर्शक रहेगा।

केंद्रीय मंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लिखा कि भारतीय संविधान के शिल्पी, महान समाज सुधारक, ‘भारत रत्न’ बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की जयंती पर सादर नमन। वंचितों एवं उपेक्षितों के अधिकारों की आवाज बनकर बाबा साहेब ने समाज में समानता, न्याय और बंधुत्व की मजबूत नींव रखी।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा कि सामाजिक न्याय के अग्रदूत, संविधान शिल्पी ‘भारत रत्न’ बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने शिक्षा को परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनाकर वंचितों, श्रमिकों और किसानों को अधिकार दिलाते हुए समता, न्याय और मानव गरिमा की अटूट आधारशिला रखी। उनका संघर्षमय जीवन आज भी कर्तव्य, समर्पण और राष्ट्रसेवा का मार्ग आलोकित करता है।

उन्होंने आगे लिखा कि आज यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बाबासाहेब के समता, न्याय और बंधुत्व के आदर्शों को ‘पंचतीर्थ’ जैसे प्रेरक प्रयासों और जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाकर उन्हें व्यवहार में उतारा जा रहा है। यह समावेशी एवं सर्वस्पर्शी विकास का दृष्टिकोण करोड़ों वंचितों के जीवन में नई आशा और अवसरों का संचार कर रहा है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया में लिखा कि भारत रत्न’ बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन!संविधान शिल्पी, सामाजिक समरसता के अग्रदूत, भारत रत्न बाबा साहेब डॉ० भीमराव आंबेडकर जी की जयंती पर उन्हें कोटिश: नमन।

Exit mobile version