Site icon Revoi.in

मालदीव के कुछ नेताओं की भारत विरोधी टिप्पणी पर भड़के अक्षय कुमार, कहा – ‘ऐसी अकारण नफरत बर्दाश्त नहीं करेंगे’

Social Share

नई दिल्ली, 7 जनवरी। मालदीव के कुछ नेताओं द्वारा भारत पर की गई अनर्गल टिप्पणियों के बाद एक्स पर अब मालदीव ट्रेंड हो रहा है। लोग जहां अपनी मालदीव ट्रिप के टिकट रद कराने के साथ स्क्रीन शॉट शेयर कर रहे हैं वहीं बॉलीवुड समेत कई क्षेत्रों की बड़ी हस्तियां भी मालदीव के ख्यातिनाम द्वारा किए गए भारत विरोधी कमेंट के खिलाफ मैदान में उतर आई हैं।

इस कड़ी में बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार ने एक्स पर लिखा, ‘मालदीव की प्रमुख सार्वजनिक हस्तियों द्वारा भारतीयों पर घृणित और नस्लवादी टिप्पणियां की गईं। आश्चर्य है कि वे ऐसा उस देश के खिलाफ कर रहे हैं, जो उन्हें सबसे अधिक संख्या में पर्यटक भेजता है। हम अपने पड़ोसियों के प्रति अच्छे हैं, लेकिन हमें ऐसी अकारण नफरत क्यों बर्दाश्त करनी चाहिए? मैंने कई बार मालदीव का दौरा किया है और हमेशा इसकी प्रशंसा की है, लेकिन गरिमा पहले है। आइए, हम भारतीय द्वीपों का अन्वेषण करने का निर्णय लें और अपने स्वयं के पर्यटन का समर्थन करें।’

पूर्व भारतीय क्रिकेटर वेंकटेश प्रसाद ने भी एक्स पर लिखा, ‘एक उप मंत्री हमारे देश के लिए ऐसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। मालदीव एक काफी हद तक गरीब देश है जो बड़े पैमाने पर महंगे पर्यटन पर निर्भर है और यहां 15% से अधिक पर्यटक भारत से आते हैं। भारत में बहुत सारे अनछुए खूबसूरत तटीय शहर हैं और उनमें से कई को पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करने का यह एक शानदार अवसर है।’

उल्लेखनीय है कि बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मालदीव दौरे के बाद भारत में मालदीव और लक्षद्वीप की तुलना शुरू हो गई है। ढेरों लोगों ने कहा कि देशावासियों को घूमने-फिरने के लिए मालदीव जैसी महंगी जगहों की बजाय लक्षद्वीप जाना चाहिए। इससे देश में पर्यटन का विकास भी होगा। सोशल मीडिया पर चलाई गई ये मुहिम मालदीव के कुछ नेताओं को नागवार गुजरी और उन्होंने भारत के बारे में सोशल मीडिया पर अनाप-शनाप बातें लिखीं। इसके बाद भारतीयों में नाराजगी बढ़ने लगी है।

पीएम मोदी का लक्षद्वीप दौरा : समुद्र में लगाई डुबकी, स्नॉर्कलिंग का लुत्फ उठाया, शेयर किए यादगार लम्हे

गौरतलब है कि पीएम मोदी ने पिछले हफ्ते लक्षद्वीप की अपनी यात्रा के दौरान ‘स्नॉर्कलिंग’ का भी लुत्फ उठाया था। उन्होंने अपने दौरे की कुछ यादगार तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शेयर किए और अरब सागर में स्थित द्वीपों में प्रवास के अपने ‘उत्साहजनक अनुभव’ को साझा किया। इसके बाद से ही लक्षद्वीप और ज्यादा सुर्खियों में आ गया है।