Site icon Revoi.in

अखिलेश यादव का मोदी सरकार पर हमला – देश और संविधान बचाने का अंतिम चुनाव है 2024 का इलेक्शन

Social Share

कानपुर, 28 मार्च। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा है कि वर्ष 2024 का चुनाव देश और संविधान बचाने का अंतिम चुनाव है। वह मंगलवार को यहां लाजपत भवन में राष्ट्रवादी खटिक विकास समिति के रजत जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान सपा प्रमुख ने उपस्थित जनसमूह को संविधान रक्षा का संकल्प भी दिलाया।

जब हम जागरूक होंगे तभी देश में प्रजातंत्र बचेगा

अखिलेश ने कहा, ‘अब वक्त जगने और जगाने का है। जब हम जागरूक होंगे तो देश में प्रजातंत्र बचेगा। तभी देश में समानता की विचारधारा बचेगी और धर्म निर्पेक्षता बचेगी। इस दौरान अखिलेश के साथ उनके चाचा शिवपाल यादव भी थे। विशिष्ट अतिथि शिवपाल सिंह यादव ने कहा, ‘हम जुझारू खटिक समाज के साथ उनके हर सुख-दुःख में शामिल होंगे।’

कांग्रेस के साथ गठबंधन से इनकार

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने आगामी चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस के साथ गठबंधन से इनकार करते हुए कहा कि उसे क्षेत्रीय दलों को मौका देना होगा। उन्होंने कहा कि जो दल जिस राज्य में प्रभावी है, उसे मौका देना चाहिए।

इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। समाज के कलाकारों ने गीत और नृत्य की प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया। कला पुंज नाट्य संस्था के सचिव सुशील चक ने हास्य नाटक प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों को खूब हंसाया गुदगुदाया। मेधावी छात्र-छात्राओं एवं कलाकारों तथा समाज सेवियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मछली विधायक डॉ. रागिनी सोनकर, विजयेन्द्र तिमोरी आदि उपस्थित थे। धन्यवाद प्रदेश अध्यक्ष राधे श्याम चक और समापन रामनाथ बघेल ने किया। संचालन सुशील चक द्वारा किया गया।