Site icon hindi.revoi.in

रसोई गैस के दाम बढ़ने पर नाराज अखिलेश यादव बोले- ‘जब जाएंगे भाजपाई..तब घटेगी महंगाई’

Social Share

लखनऊ, 7 मार्च। समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव ने रसोई गैस के दामों में 60 रुपये का इजाफा किए जाने पर केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई बढ़ा रही है। सुबह देखा कि गैस के दाम बढ़ा दिए गए हैं, अब जब जाएंगे भाजपाई, तब घटेगी महंगाई।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह के उपरांत मीडियाकर्मियों से बातचीत में यह टिप्पणी की। इस अवसर पर अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव की मौजूदगी में विभिन्न दलों के 50 से अधिक जिला स्तरीय नेता सपा में शामिल हुए।

नीतीश जी को राज्यसभा सदस्य के रूप में ही रिटायर करना चाहती है भाजपा

अखिलेश यादव ने इसी क्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजे जाने को लेकर कहा कि जब 2024 में विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. का गठन हुआ था तो हम लोग उन्हें प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे। इसी तरह जब 2019 में सपा-बसपा का गठबंधन हुआ था तो हम मायावती को प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे, लेकिन लगता है कि भाजपा नीतीश जी को राज्यसभा सदस्य के रूप में ही रिटायर करना चाहती है।

चुनाव आयोग झूठ बोलता है

पार्टी मुख्यालय में मीडियाकर्मियों से वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा चुनाव आयोग झूठ बोलता है। यदि समाजवादी पार्टी ने इतना शोर न मचाया होता तो भाजपा ने हर विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वोट कटवाने की तैयारी की थी। चुनाव आयेाग बताए कि इतनी बड़ी संख्या में प्रिंटेड फॉर्म 7 कहां से आए थे? सुल्तानपुर में वोट कटवाने के लिए नंदलाल की दस्तखत किसने किया था? सरोजनी नगर में दशरथ के नाम से बड़ी संख्या में वोट कौन कटवा रहा था? क्या चुनाव आयोग ने इन मामलों की जांच की और क्या कोई काररवाई की गई?

सपा मुखिया ने यह भी कहा कि भाजपा, समाजवादी पार्टी को बदनाम करने का षड्यंत्र कर रही है। समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए एक गाना लॉन्च कराया गया है। समाजवादी पार्टी की तरफ से उस गाने पर एफआईआर लिखायी जाएगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी को बदनाम करने वाले गाने पर काररवाई की मांग की।

भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के कारण महंगाई चरम पर

अखिलेश ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार माफिया की सरकार है। भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के कारण महंगाई चरम पर पहुंच गई है। यह सरकार टैक्स लगाकर मंहगाई बढ़ाती जा रही है। आज ही एलपीजी गैस के दाम 60 रुपए बढ़ गए हैं। जब किसी चीज की मंहगाई एक बार बढ़ जाती है तो वह कम नहीं होती है। भाजपा सरकार अच्छे दिन लाने के बजाए लोगों की जेब में रखे पैसे हड़प रही है।

देश की विदेश नीति विदेश के लोग चला रहे

पूर्व सीएम अखिलेश ने खाड़ी देशों में काम करने गए भारत के लोगों को अपने देश वापस लाने के लिए केंद्र सरकार से पहल करने को कहा। खड़ी के देशों से जो भारतीय वापस आना चाहते हैं, सरकार की जिम्मेदारी है, उन्हें वापस लाए। अखिलेश ने यह भी कहा, यह संकट की बात है कि भारत की विदेश नीति भी विदेश के लोग तय कर रहे हैं। भारत की विदेश नीति क्या होगी, यह भारत सरकार और भारत के लोग तय करेंगे, कोई दूसरा देश नहीं तय कर सकता।

Exit mobile version