Site icon Revoi.in

उत्तर प्रदेश : अखिलेश यादव चुने गए सपा विधायक दल के नेता, विधानसभा में होंगे नेता प्रतिपक्ष

Social Share

लखनऊ, 26 मार्च। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को शनिवार को सपा विधायक दल के नेता चुन लिया गया। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में विधायक दल की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सर्वसम्मति से समाजवादी पार्टी विधायक दल का नेता चुनने की औपचिरकता पूरी की गई।

अखिलेश यादव अब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में रहेंगे। अखिलेश को नेता विधानमंडल दल का प्रस्ताव वरिष्ठ नेता लालजी वर्मा ने किया। इसका समर्थन राजेंद्र चौधरी ने किया। विधायक दल का नेता चुने जाने का प्रस्ताव वरिष्ठ समाजवादी नेता अवधेश प्रसाद ने रखा, जिसका समर्थन वरिष्ठ विधायक आलम बदी आजमी ने किया। बाद में अखिलेश सर्वसम्मति से नेता चुन लिए गए।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में पहली बार उतरे अखिलेश यादव ने मैनपुरी के करहल विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज की। करहल को समाजवादी पार्टी के लिए सबसे सुरक्षित सीट माना जाता है। आजमगढ़ से सांसद रहते विधानसभा का चुनाव लडऩे वाले अखिलेश यादव ने लोकसभा से इस्तीफा दे दिया है। अखिलेश से पहले बलिया के बांसडीह से विधायक रहे राम गोविंद चौधरी नेता प्रतिपक्ष होते थे। इस बार वह चुनाव हार गए हैं।

समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में छोटे दलों के साथ गठबंधन कर उतरी थी। सपा गठबंधन को कुल 125 सीट मिलीं। इनमें 111 विधायक समाजवादी पार्टी, आठ विधायक राष्ट्रीय लोकदल और छह विधायक ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के हैं।