Site icon Revoi.in

यूपी विधानसभा में योगी सरकार पर जमकर बरसे अखिलेश, बिना नाम लिए ब्रजेश पाठक पर साधा निशाना

Social Share

लखनऊ, 20 सितम्बर। उत्तर प्रदेश में विधानसभा के मानसून सत्र का मंगलवार को दूसरा दिन है। इस दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने इस दौरान कोरोना काल, सरकार की योजनाओं और स्वास्थ्य व्यस्थ्या को लेकर योगी सरकार को घेरा। वहीं बिना नाम लिए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पर भी निशाना साधा।

अखिलेश यादव ने कहा, ‘सरकार कहती है कि हमारी योजनाएं विश्व स्तर के हैं। यूपी में स्वास्थ्य सेवाओं की हालत खराब है। डॉक्टरों ने इलाज से हाथ खड़े कर दिए हैं। अस्पताल में लापरवाही से लोगों की जान जा रही है। कन्नौज में अस्पताल में कुत्ते ही कुत्ते दिखे हैं। कोरोना के वक्त की दुर्दशा को भूला नहीं जा सकता। अस्पतालों में दवाईयां और मशीनें नहीं हैं। सरकार बताए कि कितनी मशीनें खरीदी गई हैं।’

सपा प्रमुख ने कहा, ‘गरीब मरीजों को सुविधा नहीं मिल रही है। लोगों को इलाज के लिए दिल्ली जाना पड़ रहा है। लगता है दिल्ली वाले मदद नहीं कर रहे हैं। झोला छाप डॉक्टर इलाज कर रहे हैं। मरीज चारपाई पर जा रहे हैं। लोग बोल रहे हैं मंत्री अस्पतालों में जाते हैं और केवल छापा मारते हैं। केवल छापामार मंत्री बनोगे या कुछ काम भी करोगे। अस्पतालों में पानी भरा हुआ है। ये सरकार डबल इंजन का होने का दावा करती है। लेकिन मंत्रियों के पास कोई जवाब नहीं है।”