Site icon hindi.revoi.in

भारत-पाकिस्तान मैच की पुष्टि होते ही आसमान छूने लगा हवाई किराया, कोलंबो की उड़ानों का किराया लगभग दोगुना

Social Share

नई दिल्ली, 10 फरवरी। ICC टी20 विश्व कप T20 के तहत भारत व पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में प्रस्तावित मुकाबले की काफी नाटक-नौटंकी के बाद पुष्टि होते ही हवाई किराया आसमान छूने लगा है और नई दिल्ली से कोलंबो की उड़ानों का किराया देखते ही देखते लगभग दोगुना जा पहुंचा है।

15 फरवरी की शाम 7 बजे से होना है मैच

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भारत-पाक मैच श्रीलंकाई राजधानी में 15 फरवरी को शाम सात बजे शुरू होना है। अब यदि आप शनिवार (14 फरवरी) या रविवार (15 फरवरी) को कोलंबो जाना चाहते हैं तो आपको थोड़े ज्यादा पैसे देने होंगे।

एअर इंडिया की फ्लाइट का किराया एक लाख रुपये से ज्यादा

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एअर इंडिया की एक फ्लाइट का किराया एक लाख रुपये से ज्यादा हो गया है। दिल्ली से कोलंबो की फ्लाइट में लगभग चार घंटे लगते हैं। मंगलवार, 10 फरवरी को किराया दोगुना हो चुका था।

एअर इंडिया की नॉनस्टॉप फ्लाइट का किराया शुक्रवार को ₹63,030 से ₹81,032 के बीच था। श्रीलंकन ​​एयरलाइंस का किराया ₹32,746 था। शनिवार को, एअर इंडिया की नॉनस्टॉप फ़्लाइट का किराया ₹90,031 से ₹109,340 के बीच था। श्रीलंकन ​​एयरलाइंस का किराया ₹145,220 था।

रविवार को मैच के दिन एअर इंडिया की नॉनस्टॉप फ्लाइट का किराया ₹109,340 और श्रीलंकन ​​एयरलाइंस का किराया ₹65,915 था। श्रीलंकन ​​एयरलाइंस का किराया कम है क्योंकि जब तक फ्लाइट कोलंबो पहुंचेगी और पैसेंजर एयरपोर्ट से निकलेंगे, तब तक मैच खत्म हो चुका होगा।

मुंबई से कोलंबो की फ्लाइट ढाई से सवा तीन घंटे की है। शुक्रवार को, इंडिगो की नॉनस्टॉप फ़्लाइट का किराया ₹22,943, एअर इंडिया का ₹28,035 और श्रीलंकन ​​एयरलाइंस का ₹66,123 है। शनिवार को इंडिगो का किराया ₹47,818, श्रीलंकन ​​एयरलाइंस का किराया ₹56,525 से ₹63,377 और एअर इंडिया का किराया ₹80,031 है। रविवार को एअर इंडिया की फ्लाइट का किराया ₹28,035, इंडिगो का किराया ₹32,803 और श्रीलंकन ​​एयरलाइंस का किराया ₹66,123 है।

श्रीलंका की टूरिज्म इंडस्ट्री संकट में

ध्यान देने योग्य तथ्य यह है कि श्रीलंका की टूरिज्म इंडस्ट्री इस समय संकट का सामना कर रही है। सेंट्रल बैंक ऑफ श्रीलंका की एक रिपोर्ट के अनुसार, टूरिस्ट की बढ़ती संख्या के बावजूद, रेवेन्यू में गिरावट आई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि जनवरी, 2026 में श्रीलंका आने वाले टूरिस्ट से होने वाले रेवेन्यू में साल-दर-साल लगभग 5.6% की गिरावट आएगी।

जनवरी, 2025 में श्रीलंका ने टूरिज्म से $400.7 मिलियन कमाए। जनवरी, 2026 में यह रेवेन्यू घटकर $378.3 मिलियन रह गया। श्रीलंका को उम्मीद है कि इंडिया-पाकिस्तान मैच से बड़ी संख्या में विजिटर्स श्रीलंका आएंगे और देश की इकॉनमी को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

पीएम शहबाज शरीफ की अनुमति से पाक टीम भारत के खिलाफ मैच खेलने को तैयार

गौरतलब है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत के खिलाफ मैच में पाकिस्तानी टीम के उतरने के फैसले की सरकारी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए पुष्टि की, जिसमें बांग्लादेश, श्रीलंका और UAE जैसे ‘दोस्ताना देशों की रिक्वेस्ट’ और कई देशों की बातचीत के नतीजों का जिक्र किया गया। शरीफ की पोस्ट में लिखा था, ‘कई देशों की बातचीत में मिले नतीजों और दोस्त देशों की रिक्वेस्ट को देखते हुए, पाकिस्तान सरकार पाकिस्तान की नेशनल क्रिकेट टीम को ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप में अपने तय मैच के लिए 15 फरवरी, 2026 को मैदान में उतरने का निर्देश देती है।’

बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के बाद शुरू हुआ था नाटक

स्मरण रहे कि बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में अपने मैच खेलने से इनकार किया था और आईसीसी से आग्रह किया था कि उसके मैच सह मेजबान श्रीलंका में स्थानांतरित कर दिए जाएं। लेकिन आईसीसी ने सब कुछ तय होने का हवाला देते हुए बांग्लादेश का आग्रह नामंजूर कर दिया और उसकी जगह अंतिम क्षणों में स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया।

इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अलग पासा फेंका और आईसीसी को अरदब में लेने के लिए बांग्लादेश के समर्थन में भारत से मैच खेलने से इनकार कर दिया था। फिलहाल आईसीसी कि हिदायत के बाद पाकिस्तानी सरकार ने यू टर्न लिया और भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए अपनी टीम को मंजूरी प्रदान की।

Exit mobile version