Site icon hindi.revoi.in

AIMIM नेता शौकत अली का विवादित बयान, ‘111 नहीं, सिर्फ 11 विधायक दे दो, हम अपनी ताकत दिखा देंगे…

Social Share

लखनऊ, 24 मार्च। उत्तर प्रदेश में एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली ने मेरठ में ईद मिलन कार्यक्रम के दौरान विवादित बयान देकर सियासी हलचल मचा दी है। मेरठ में आयोजित ईद मिलन समारोह में पहुंचे शौकत अली ने कहा, “हमें 111 नहीं, सिर्फ 11 विधायक दे दो, तो हम अपनी ताकत दिखा देंगे।” उन्होंने आगे वादा करते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश में अगर किसी मुसलमान का एनकाउंटर होता है, तो एनकाउंटर करने वालों का भी एनकाउंटर होगा।”

शौकत अली ने समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन्हें 111 विधायक जिताए गए, वे अब कह रहे हैं कि उनकी सरकार नहीं है, तो वे क्या कर सकते हैं। AIMIM नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बिना सबूत के मदरसों पर ताले लगाए गए, सिर्फ शक के आधार पर लोगों के घरों पर बुलडोजर चला दिया गया और बेगुनाहों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में मुसलमानों की भी बड़ी भूमिका रही, लेकिन उनके साथ सबसे ज्यादा ज्यादती हो रही है।

शौकत अली ने अपने समर्थकों से अपील की कि मस्जिदों और मदरसों की रक्षा करनी है तो “एक डंडा, एक झंडा और एक नेता” के नारे के तहत एकजुट होकर विधानसभा तक पहुंच बनानी होगी। उन्होंने विकास के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि विकास केवल गोरखपुर और सैफई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, मेरठ को भी उसका हक मिलना चाहिए। मेरठ के पुलिस कप्तान के सड़क पर नमाज पढ़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई वाले बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि रामनवमी के जुलूस के दौरान भी इसी तरह की सख्ती बरती जानी चाहिए।

Exit mobile version