Site icon hindi.revoi.in

हरियाणा में जीत का भाजपा ने मनाया जश्न, विपक्ष पर खूब बरसे पीएम मोदी – भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा है कांग्रेस

Social Share

नई दिल्ली, 8 अक्टूबर। एग्जिट पोल के नतीजों के उलट हरियाणा में मिली जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार की शाम यहां पार्टी मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित सहित की मौजूदगी में जश्न मनाया।

पीएम मोदी ने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं व समर्थकों को संबोधित करते हुए कांग्रेस सहित विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर यहां तक आरोप लगाया कि वह भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा है और इस खेल में शामिल है।

भारत के खिलाफ कई षडयंत्र चल रहे, हरियाणा ने दिया मुंहतोड़ जवाब

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते कुछ वक्त से भारत के खिलाफ कई तरह के षडयंत्र चल रहे हैं। भारत के लोकतंत्र, अर्थतंत्र और सामाजिक तानेबाने को कमजोर करने के लिए अंतरराष्ट्रीय साजिशें हो रही हैं। कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टी और उसके चट्टे-बट्टे इस खेमे में, इस खेल में शामिल हैं। हरियाणा ने ऐसी साजिश को मुंहतोड़ जवाब दिया है।

झूठ की घुट्टी पर विकास की गारंटी भारी पड़ी

पीएम मोदी ने कहा, ‘इन दस वर्षों में केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं लगा। हरियाणा में भी 10 साल में सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं है। हरियाणा की जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है। हरियाणा की जीत हमारे विन्रम मुख्यमंत्री के कर्तव्यों की भी जीत है। झूठ की घुट्टी पर विकास की गारंटी भारी पड़ी।’

इस जनादेश की गूंज दूर तक जाएगी

उन्होंने कहा कि हरियाणा में अब तक 13 चुनाव में हुए। हरियाणा के लोगों ने 10 चुनाव में हर पांच साल के बाद सरकार बदली। इस बार हरियाणा के लोगों ने जो किया, वह अभूतपूर्व है। पहली बार ऐसा हुआ है कि पांच-पांच साल के दो कार्यकाल पूरे करने वाली किसी सरकार को फिर से मौका मिला हो। हमें सीटें भी ज्यादा दी हैं और वोट शेयर भी ज्यादा दिए हैं। इस जनादेश की गूंज दूर दूर तक जाएगी। विकास के मुद्दे पर जनता ने बीजेपी की हैटट्रिक लगाई।’

प्रधानमंत्री मोदी ने यूपी, उत्तराखंड, असम, त्रिपुरा, गुजरात, मध्य प्रदेश का जिक्र किया और कहा कि जहां बीजेपी सरकार बनाती है, वहां जनता लंबे वक्त तक समर्थन देती है। कांग्रेस की कब किस सरकार की वापसी हुई है। 2011 में असम में उनकी सरकार लौटी थी, बाकी कोई सरकार उनकी नहीं लौटी।

जाति जनगणना को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना

पीएम मोदी ने जाति जनगणना के मसले पर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। दरअसल, कांग्रेस लगातार जाति जनगणना की मांग कर रही है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस सत्ता को अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानती है। इसलिए सरकार में आने के बाद कांग्रेस देश को, समाज को दांव पर लगाने से नहीं हिचकती। देश देख रहा है कि कांग्रेस कैसे समाज में जाति का जहर फैलाने पर उतर आई है। जो लोग सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए, पीढ़ी दर पीढ़ी फाइव स्टार लाइफ जीते आ रहे हैं, वे गरीब को जाति के नाम पर लड़ाना चाहते हैं।

कांग्रेस ने दलितों पिछड़ों पर सबसे ज्यादा अत्याचार किया

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दलितों व पिछड़ों पर सबसे ज्यादा अत्याचार किया। इतने दशकों तक उन्हें रोटी पानी मकान से वंचित रखा। ये वे लोग हैं, जो 100 साल बाद भी किसी आदिवासी, दलित, पिछड़े को पीएम नहीं बनने देंगे। कांग्रेस का परिवार दलित, आदिवासियों, पिछड़ों से नफरत करता है। कांग्रेस दलित, पिछड़ों का आरक्षण छीनकर अपने वोट बैंक में देना चाहती थी।

भारत में अराजकता फैलाकर देश को कमजोर करना चाहती है कांग्रेस

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस भारत में अराजकता फैलाकर देश को कमजोर करना चाहती है। इसलिए अलग-अलग वर्गों को भड़का रही है। लगातार आग लगाने की कोशिश कर रही है। किसानों को भड़काने की कोशिश की, लेकिन हरियाणा के किसानों ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया। कांग्रेस ने युवाओं को भी भड़काने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने भी करारा जवाब दिया।

पूरी तरह परजीवी पार्टी बन गई है कांग्रेस

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह परजीवी पार्टी बन गई है। हरियाणा में अकेले थी तो करारी हार मिली। जम्मू-कश्मीर में उसकी सहयोगी पार्टी पहले से कह रही थी कि कांग्रेस की वजह से उसे नुकसान हो रहा है और नतीजों में भी वही दिखा। लोकसभा चुनाव के नतीजों में भी यही देखा था कि कांग्रेस ने जितनी सीटे जीतीं, उसमें आधी से ज्यादा सीटें अपने सहयोगियों की वजह से जीती हैं। जहां सहयोगियों ने कांग्रेस पर भरोसा किया, वहां उनकी ही नैया डूब गई।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ऐसा देश बनाना चाहती है, जहां लोग अपनी विरासत पर गर्व ना करें, अपने संस्थाओं पर शंका करें। चुनाव आयोग, सेना, पुलिस, न्यायपालिका हर संस्था पर कांग्रेस दाग लगाना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी चुनाव आयोग पर आरोप लगाकर देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश करती है।

‘हमने जम्मू-कश्मीर में संविधान की स्प्रिट फिर से स्थापित की है

जम्मू-कश्मीर चुनाव का भी जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘जम्मू-कश्मीर का चुनाव कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। कई लोगों ने पहली बार वोट डाला, जिन्हें पहले वह हक नहीं दिया गया था। कुछ लोग कहते थे कि आर्टिकल 370 हटने पर कश्मीर जल जाएगा, लेकिन कश्मीर जला नहीं खिला है और खिलखिलाया है। हमने जम्मू कश्मीर में संविधान की स्प्रिट फिर से स्थापित की है।’

Exit mobile version