Site icon Revoi.in

भारत में कोरोना संकट : 5 दिनों बाद नए संक्रमितों की संख्या 30 हजार से कम, रिकवरी दर रिकॉर्ड स्तर पर  

Social Share

नई दिल्ली, 21 सितम्बर। देश में कोरोना की तीसरी लहर आने का स्वास्थ्य विशेषज्ञों का अनुमान कितना सच होगा, यह तो वक्त बताएगा। फिलहाल दूसरी लहर का संक्रमण कम होता प्रतीत हो रहा है। इस क्रम में पांच दिनों बाद सोमवार को देश में 30 हजार से कम 26,115 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई और 252 मरीजों की मौत हुई जबकि 34,469 लोग स्वस्थ हुए। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार को अपनी ताजा बुलेटिन में यह जानकारी दी।

रिकवरी दर 97.75 फीसदी, सक्रियता दर 0.92 प्रतिशत

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक 3.35 करोड़ लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि रिकॉर्ड 97.75 फीसदी की दर से 3.27 करोड़ से अधिक लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 1.33 फीसदी की दर से अब तक 4.45 लाख से ज्यादा जानें भी जा चुकी है। बीते 24 घंटे के दौरान एक्टिव केस में 8,606 की कमी देखने को मिली। इसके साथ ही सोमवार तक न्यूनतम 0.92 फीसदी की दर से देश के विभिन्न अस्पतालों या होम आइसोलेशन में कुल 3,09,575 कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा था। एक्टिव मामलों की यह संख्या 184 दिनों में सबसे कम है।

केरल में लगातार तीसरे दिन 20 हजार से कम नए केस

दक्षिणी राज्य केरल में भी स्थिति सुधर रही है और लगातार तीसरे दिन 20 हजार से कम 15,692 नए केस मिले और 92 लोगों की मौत हुई जबकि 22,223 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। एक्टिव केस में 6,623 की गिरावट के बीच 20 सितम्बर तक राज्य में कुल 1,67,578 इलाजरत मरीज थे।

हालांकि 10 राज्यों में दैनिक आधार पर एक्टिव केस बढ़े। इनमें सर्वाधिक 1,008 की वृद्धि मिजोरम में देखने को मिली, जब अब सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 15,140 हो चुकी है। अन्य जिन राज्यों में एक्टिव केस बढ़े, उनमें सर्वाधिक 54 की वृद्धि हिमाचल प्रदेश में देखने को मिली।

24 घंटे में 96 लाख से ज्यादा लोगों का टीकाकरण

इस बीच टीकाकरण अभियान के तहत सोमवार को 96.46 लाख से ज्यादा टीके लगाए गए। इसके साथ ही 248 दिनों में अब तक 1.85 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की पहली या दूसरी खुराक दी जा चुकी है। दूसरी तरफ आईसीएमआर के अनुसार सोमवार को 14.13 लाख लोगों के सैम्पल की जांच की गई। इसके साथ ही 20 सितम्बर तक देश में 55.50 करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी कोविड आंकड़ों पर एक नजर –

24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 26,115

24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 34,469

24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 252

अब तक कुल संक्रमित : 3,35,04,534

अब तक कुल स्वस्थ : 3,27,49,574 

रिकवरी दर : 97.75%

अब तक कुल मौतें : 4,45,385

मृत्यु दर : 1.33%

इलाजरत मरीज : 3,09,575 (दैनिक गिरावट 8,608)  

सक्रियता दर : 0.92%

24 घंटे के दौरान टीकाकरण : 96,46,778     

248 दिनों में कुल टीकाकरण : 81,85,13,827

24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 14,13,951

अब तक कुल सैम्पल की जांच : 55,50,35,717.