Site icon Revoi.in

Exit Poll Results : मध्य प्रदेश में कांग्रेस और राजस्थान में भाजपा की सत्ता, छत्तीसगढ़-तेलंगाना में कांटे की टक्कर

Social Share

नई दिल्ली, 30 नवम्बर। तेलंगाना में गुरुवार को वोटिंग के साथ ही पांच चुनावी राज्यों – मिजोरम, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान व तेलंगाना में मतदान की प्रक्रिया संपन्न हो गई। अब निगाहें तीन दिसम्बर पर जा टिकी हैं, जब मतगणना के साथ परिणाम घोषित किए जाएंगे।

लेकिन इससे पहले विभिन्न मीडिया हाउस ने सर्वे एजेंसियों के साथ मिलकर आज एग्जिट पोल (Exit Poll) के नतीजे जारी कर दिए हैं। हालांकि एग्जिट पोल के तमाम नतीजों में एकरूपता नहीं है। लेकिन ज्यादातर एग्जिट पोल के नतीजों के आधार पर यह आकलन लगाया जा रहा है कि मध्य प्रदेश और राजस्थान में सत्ता पलटती प्रतीत हो रही है। इस क्रम में एमपी में कांग्रेस और राजस्थान में भाजपा की वापसी के आसार दिख रहे हैं जबकि छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में कांटे की टक्कर दिख रही है।

छत्तीसगढ़ एग्जिट पोल

छत्तीसगढ़ के एग्जिट पोल के नतीजों पर गौर करें तो सत्तारूढ़ कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में से किसी की भी सरकार बन सकती है। राज्य में इन दोनों पार्टियों में कांटे की टक्कर देखी जा रही है। इंडिया टुडे एक्ससिस माय इंडिया एग्जिट पोल के अनुसार छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को 90 में से 46-50 सीटें मिलते दिख रही है जबकि, भाजपा को 36-46 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, अन्य को 1-5 सीटें मिलती दिख रही है। कांग्रेस को 42% और भाजपा को 41% वोट मिलने का अनुमान है। दोनों पार्टियों के बीच सिर्फ एक फीसदी का फासला है। राज्य में 90 सीटों के लिए दो चरणों में क्रमशः सात व 17 नवम्बर को मतदान हुआ था।

ABP के एग्जिट पोल में कांग्रेस को 90 में से 41-53 सीटें मिलती दिख रही हैं जबकि, भाजपा को 36-48 सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य को 0-4 सीटें मिलने की संभावना है।

TV9 के एग्जिट पोल के रुझान के मुताबिक छत्तीसगढ़ में भाजपा को 35-45 और कांग्रेस को 40-50 सीटें मिलने की संभावना है। राज्य में दोनों पार्टियों के बीच कांटे की टक्कर है।

मध्य प्रदेश एग्जिट पोल

TV9 के एग्जिट पोल के मुताबिक मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कुर्सी खतरे में हैं। यहां कांग्रेस सत्ता में आ सकती है। कांग्रेस को 111-121 सीटें मिलने का अनुमान है जबकि भारतीय जनता पार्टी को 106-116 सीटें मिलते दिख रही है। वहीं, अन्य के खाते में 0-6 सीटें जाती दिख रही है।

लेकिन इंडिया टुडे एक्ससिस माय इंडिया एग्जिट पोल के अनुसार मध्य प्रदेश में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलता प्रतीत हो रहा है। यहां भाजपा को 140-160 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है जबकि कांग्रेस को 68-90 सीटें मिलती प्रतीत हो रही हैं। अन्य को 0-3 सीटें मिलने का अनुमान है।

राजस्थान एग्जिट पोल

TV9 के एग्जिट पोल के मुताबिक राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की कुर्सी भी खतरे में हैं। यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनती दिख रही है। राज्य में भाजपा को 100-110 और कांग्रेस को 90-100 सीटें मिलने का अनुमान है। राज्य में हर पांच साल में सरकार बदलती है और इस बार भी वही होते दिख रहा है।

लेकिन इंडिया टुडे एक्ससिस माय इंडिया एग्जिट पोल के अनुसार राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस आगे नजर आ रही है। यहां कांग्रेस को 86-106 सीटें मिलती दिख रही हैं जबकि भाजपा को 80-100 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। वहीं अन्य के खाते में 9-18 सीटें जा सकती हैं।

तेलंगाना एग्जिट पोल

TV9 के एग्जिट पोल के अनुसार तेलंगाना में BRS और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। यहां, BRS को 48-58 सीटें मिलती दिख रही है जबकि कांग्रेस को 49-59 सीटें मिलती दिख रही है। वहीं भाजपा को 5-10 सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य में AIMIM को 6-8 सीटें मिलने की संभावना है।

तेलंगाना में BRS को 42% प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान हैं जबकि, कांग्रेस को 41.4 प्रतिशत, भाजपा को 15 प्रतिशत और AIMIM को 1.6% वोट मिलने का अनुमान हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में BRS को 88 सीटें मिली थी। कांग्रेस को 19, भाजपा को एक और अन्य के खाते में 11 सीटें गई थीं।

मिजोरम एग्जिट पोल

मिजोरम के लिए एग्जिट पोल के नतीजों में 40 सीटों के लिए कांग्रेस व एमएनएफ के बीच मुख्य टक्कर है जबकि भाजपा जनाधार की तलाश में प्रतीत हो रही है। ज्यादातर एजेंसियों के एग्जिट पोल में एमएनएफ को 14-18 सीटें मिल रही हैं जबकि कांग्रेस के पक्ष में 8-10 सीटें जाती दिख रही हैं। भाजपा को 0-2 सीटें मिलने का अनुमान है।