Site icon hindi.revoi.in

महाराष्ट्र भूषण कार्यक्रम के दौरान हादसा : तेज धूप से 11 की मौत, 20 लोग अस्पताल में भर्ती

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

मुंबई, 16 अप्रैल। महाराष्ट्र के नवी मुंबई में रविवार को आयोजित ‘महाराष्ट्र भूषण’ पुरस्कार समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जब तेज धूप की चपेट में आने की वजह से 11 लोगों की मौत हो गई। राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इन मौतों को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

शिंद ने इसके पहले देर शाम कहा था, ‘चिकित्सकों से मिली जानकारी के अनुसार आज सात-आठ लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब 24 का इलाज चल रहा है। यह तेज धूप की चपेट में आने का मामला है।’ उन्होंने कहा कि करीब 50 लोगों को नवी मुंबई स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से 24 अब भी भर्ती हैं जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद वहां से छुट्टी दे दी गई।

सीएम शिंदे ने प्रत्येक मृतक के परिजन को पांच लाख के मुआवजे की घोषणा की

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिन में मुंबई शहर के पास खारघर में खुले मैदान में अप्पासाहेब धर्माधिकारी को पुरस्कार प्रदान करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित हुए थे। घटना स्थल के निकटतम मौसम केंद्र ने अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। सीएम शिंदे ने कहा कि प्रत्येक मृतक के परिजन को 5-5 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘इस घटना के चलते अस्पताल में भर्ती हुए लोगों को मुफ्त इलाज मुहैया किया जाएगा। राज्य सरकार उनके इलाज के लिए अपने खजाने से भुगतान करेगी।’

गौरतलब है कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लाखों लोग पहुंचे थे। रायगढ़ जिला कलेक्टर योगेश म्हासे ने घटना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक 11 लोग दम तोड़ चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तेज धूप में काफी देर तक खड़े रहने की वजह से कई लोगों ने डिहाइड्रेशन और बेहोशी की शिकायत की।

कार्यक्रम स्थल पर दो टेंट लगाए गए थे, जिसमें करीब 1,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था थी। लेकिन यह व्यवस्था भीड़ के हिसाब से अपर्याप्त साबित हुई। कहा जा रहा है कि हजारों लोग करीब छह घंटे तक धूप में खड़े रहे। एक मृतका की पहचान जयश्री पाटिल (54) के रूप में हुई, जिन्हें हार्ट अटैक आया था।

Exit mobile version