Site icon hindi.revoi.in

बंगाल की फाल्टा सीट पर पुनर्मतदान के आदेश से भड़के अभिषेक बनर्जी, बोले- ’10 जन्म भी कम पड़ जाएंगे..’

Social Share

नई दिल्ली/कोलकाता, 3 मई। पश्चिम बंगाल में फाल्टा विधानसभा सीट के सभी 285 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने के निर्वाचन आयोग के आदेश से नया राजनीतिक टकराव देखने को मिल रहा है। इस क्रम में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) और बाजपा नेताओं के बीच तीखी राजनीतिक बहस शुरू हो गई है।

चुनाव आयोग ने इसलिए किया पुनर्मतदान का फैसला

उल्लेखनीय है कि गत 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान फाल्टा में हुई चुनावी झड़प और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) पर स्टिकर चिपकाने की शिकायतें मिली थीं। इन शिकायतों की जांच-पड़ताल के बाद चुनाव आयोग ने शनिवार की रात उक्त विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर 21 मई को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक दोबारा मतदान कराने का आदेश जारी कर दिया।

21 मई को दोबारा वोटिंग, 24 मई को मतगणना

पुनर्मतदान के बाद उस क्षेत्र की मतगणना 24 मई को होगी। हालांकि राज्य की शेष 293 सीटों के चुनाव परिणाम सोमवार, चार मई को घोषित किए जाएंगे जबकि फाल्टा को इस घोषणा से अलग रखा जाएगा।

अमित मालवीय बोले – डायमंड हार्बर मॉडल ध्वस्त

चुनाव आयोग के फैसले के बाद भाजपा नेता अमित मालवीय ने बंगाल की ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि डायमंड हार्बर मॉडल ध्वस्त हो चुका है। वहीं अमित मालवीय के बयान को लेकर टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने पार्टी के रिकॉर्ड का बचाव करते हुए भाजपा को सीधी चुनौती दी।

अभिषेक का जवाब – डायमंड हार्बर मॉडल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा पाएगा

अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उनके डायमंड हार्बर मॉडल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा पाएगा, खासकर बांग्ला विरोधी गुजराती गिरोह। उन्होंने आगे कहा कि ऐसा करने के लिए 10 जन्म भी कम पड़ जाएंगे। उन्होंने भाजपा नेताओं को फाल्टा से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वे अपना सब कुछ दांव पर लगाकर देख लें और अपने सबसे मजबूत उम्मीदवार को मैदान में उतारें।

गौरतलब है कि फाल्टा विधानसभा डायमंड हार्बर क्षेत्र में आता है, जो टीएमसी के लिए राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण है। इसलिए पुनर्मतदान के आदेश ने राजनीतिक दलों के बीच तीखी बयानबाजी को और बढ़ा दिया है। ऐसे में अब सबकी निगाहें फाल्टा पर टिकी हैं कि दोबारा होने जा रहे मतदान में वोटर किसको विजयी बनाते हैं।

Exit mobile version