Site icon Revoi.in

केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में 26 मार्च को पीएम आवास का घेराव करेगी AAP, होली नहीं मनाएंगे कार्यकर्ता

Social Share

नई दिल्ली, 22 मार्च। आम आदमी पार्टी (AAP) ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में 26 मार्च को प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने का फैसला लिया है। पार्टी इससे पहले 25 मार्च को जनता के बीच जाकर केंद्र के खिलाफ वातावरण बनाने का प्रयास करेगी। साथ ही पार्टी कार्यकर्ता होली भी नहीं मनाने का फैसला किया है।

देखा जाए तो दिल्ली की विवादित नई शराब नीति मामले में केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी को सबसे बड़ा झटका लगा है। इसी मामले में पार्टी के पहले से ही तीन बड़े नेता – सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह सलाखों के पीछे हैं। अब पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल भी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। हालांकि अपने शीर्ष नेता की गिरफ्तारी के बाद पार्टी लगातार प्रदर्शन कर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साध रही है। पार्टी को विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. के भी कई नेताओं का समर्थन भी मिल रहा है।

पार्टी ने चुनाव आयोग से भी शिकायत की है

इस बीच केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी ने चुनाव आयोग से भी शिकायत की है। शुक्रवार को ‘आप’ नेता और दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने कहा, ‘आज भारतीय गठबंधन के नेताओं ने चुनाव आयोग से मुलाकात की है…और इस (अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी) पर काररवाई का अनुरोध किया है…इस साल होली कार्यक्रम नहीं होगा। 25 मार्च को हम लोगों के पास जाएंगे और उन्हें बताएंगे कि देश में क्या हो रहा है… दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में 26 मार्च को पूरी दिल्ली में पीएम आवास का घेराव किया जाएगा।’

6 दिनों के लिए ईडी रिमांड पर भेजे गए हैं केजरीवाल

गौरतलब है कि केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार की रात दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार कर लिया था। ईडी ने केजरीवाल को आज अदालत में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें छह दिनों के लिए ईडी की रिमांड पर भेज दिया। अब 28 मार्च को अपराह्न दो बजे उनकी कोर्ट में पेशी होगी।