Site icon hindi.revoi.in

राहुल गांधी के धरना-प्रदर्शन को लेकर AAP नाराज, संजय सिंह बोले- छात्रों का आंदोलन कमजोर कर रही कांग्रेस

Social Share

नई दिल्ली, 21 जुलाई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले सोमवार को हुए संसद मार्च ने राजनीतिक गलियारे की सरगर्मी बढ़ती जा रही है। इस क्रम में सीजेपी के संसद मार्च में शामिल हुए छात्रों पर दिल्ली पुलिस द्वारा लाठीचार्ज की घटना को लेकर  लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कांग्रेस व समाजवाजी पार्टी के नेताओं ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास (PMO) के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।

फिलहाल राहुल की अगुआई में प्रदर्शन और धरनारत नेताओं को हिरासत में लिए जाने के दौरान दोपहर से लेकर देर रात तक चले नाटक के बीच आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पर यह कहते हुए नाराजगी जाहिर की है कि वह छात्रों के आंदोलन को कमजोर कर रही है।

पिछले एक महीने प्रदर्शन को गाली दे रही कांग्रेस

आम आदमी पार्टी (AAP) से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर एक्स पर लिखा कि देश के करोड़ों युवाओं के लिए सोनम वांगचुक जी पिछले 23 दिनों से आमरण अनशन पर हैं। जंतर-मंतर पर देश का युवा आंदोलन कर रहा है। 20 जुलाई को युवाओं को बर्बरता पूर्वक पीटा गया। वहीं कांग्रेस एक महीने से आंदोलन को गाली दे रही थी, अब राहुल गांधी जी कह रहे हैं जंतर-मंतर नहीं हमारे धरने में शामिल हों। आखिर युवाओं के आंदोलन को क्यों कमजोर करना चाहती है कांग्रेस? जंतर मंतर के आंदोलन में शामिल होने की अपील क्यों नहीं करती कांग्रेस?’

संजय सिंह ने एक्स पर यह भी लिखा कि CJP के धरने को कमजोर करने के लिए मोदी जी ने राहुल गांधी को अपने आवास पर धरने पर बैठा दिया।

राहुल गांधी को जंतर-मंतर पर जाकर छात्रों का समर्थन करना चाहिए

‘आप’ सांसद ने यह भी कहा कि जंतर-मंतर पर एक माह से आंदोलन चल रहा है और अब राहुल गांधी अपना प्रदर्शन कर लोगों से आने को कह रहे है। राहुल गांधी को जंतर-मंतर पर जाकर छात्रों का समर्थन करना चाहिए। युवाओं का आंदोलन तो जंतर-मंतर पर चल रहा है। सब वहीं जाकर सपोर्ट कर रहे हैं।

Exit mobile version