Site icon Revoi.in

पंजाब : ‘आप’ विधायक नरिंदर कौर ने पार्टी कार्यकर्ता से की शादी, सीएम भगवंत मान की पत्नी भी मौजूद रहीं 

Social Share

चंडीगढ़, 7 अक्टूबर। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप)  की  संगरूर से विधायक नरिंदर कौर भराज शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ता मनदीप सिंह के साथ शादी के बंधन में बंध गईं। यह शादी समारोह पटियाला के रोरेवाल गांव में आयोजित किया गया। करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी में गांव के गुरुद्वारे में यह समारोह सम्पन्न हुआ। मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर भी समारोह में शामिल हुईं।

गौरतलब है कि नर‍िंदर कौर भराज सबसे कम उम्र (28 साल) की व‍िधायक हैं। उन्होंने 2022 के पंजाब व‍िधानसभा चुनाव में संगरूर सीट पर जीत दर्ज की थी। कौर ने अपने न‍िकट प्रत‍िद्धंद्वी व‍िजय इंदर स‍िंगला को 38,000 वोटों के अंतरात से मात दी थी। व‍िजय इंदर कांग्रेस की पूर्व सरकार में कैब‍िनेट मंत्री भी थे, इसके बावजदू नर‍िंदर कौर ने उन्हें श‍िकस्‍त देकर सीट पर कब्‍जा क‍िया।

नरिंदर कौर के पति मनदीप सिंह कौन हैं?

वहीं, मनदीप सिंह भवानीगढ़ के लाखेवाल गांव के रहने वाले हैं। सिंह की गिनती पंजाब में ‘आप’ के सक्रिय कार्यकर्ताओं में होती है। वह संगरूर व‍िधानसभा क्षेत्र में पार्टी के मीड‍िया इंचार्ज की भूम‍िका न‍िभा चुके हैं। बताया जाता है कि सिंह किसान परिवार से आते हैं।

अगर भराज की बात करें तो उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी पटियाला से LLB की शिक्षा हासिल की है। वह दो बार ‘आप’ की जिला यूथ अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में भराज चर्चा में तब आईं, जब उन्होंने अकेले ही अपने गांव में ‘आप’ का बूथ लगाया था। इसके बाद भगवंत मान के जरिए वह सियासत में आईं।

CM मान भी दूसरी शादी को लेकर सुर्खियां में आए

गौरतलब है कि पंजाब में ‘आप’ के सत्ता में आने के कुछ महीने बाद ही सीएम भगवंत मान दूसरी शादी को लेकर सुर्खियों में आए थे। मान ने एक निजी समारोह में चंडीगढ़ में 7 जुलाई को डॉ. गुरप्रीत कौर से विवाह किया था। भगवंत मान ने छह वर्ष पहले अपनी पहली पत्नी से तलाक ले लिया था। इस शादी से उनके दो बच्चे हैं, जो अमेरिका में ही मां के साथ रहते हैं।