Site icon
hindi.revoi.in

हरियाणा विधानसभा चुनाव में अकेले लड़ेगी आम आदमी पार्टी, पंजाब के सीएम मान बोले – कांग्रेस के साथ नहीं होगा गठबंधन

Social Share
Facebook
X
Linkedin
Instagram
Telegram
Whatsapp

चंडीगढ़, 18 जुलाई। दिल्ली और पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) ने हरियाणा में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में अपने उतरने का फैसला किया है और वह राज्य की सभी 90 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को यहां आहूत एक मीडिया कॉन्फ्रेंस में उक्त आशय की घोषणा करते हुए बताया कि उनकी पार्टी हरियाणा में कांग्रेस से गठबंधन नहीं करेगी।

बदलेंगे हरियाणा का हाल, अब लायेंगे केजरीवालकैंपेन लॉन्च

भगवंत मान ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए एक कैंपेन भी लॉन्च किया। इस कैंपेन का नाम दिया गया – ‘बदलेंगे हरियाणा का हाल, अब लायेंगे केजरीवाल।’ मान ने कहा, ‘दिन पर दिन हमारी पार्टी बड़ी हो रही है, जहां भी चुनाव होते हैं, हमारी पार्टी चुनाव लड़ रही है।’

‘अब लोग विश्वास की नजरों से हमारी ओर देख रहे

उन्होंने कहा, ‘दिल्ली में हमारी सरकार है, पंजाब में हमारी सरकार है। दिल्ली का कुछ हिस्सा हरियाणा से सटा हुआ है और कुछ हिस्सा पंजाब से सटा हुआ है। हम जब भी हरियाणा आते हैं तो लोग बदलाव की बात करते हैं और वह बदलाव आम आदमी पार्टी ही कर सकती है। यहां के लोगों ने कई पार्टी की कई सरकारों को देख लिया है, किसी ने हरियाणा की जनता के हित में काम नहीं किया है। अब लोग विश्वास की नजरों से हमारी ओर देख रहे हैं। यहां के लोगों को गर्व महसूस होता है कि उनके यहां से अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री बने और भारतीय राजनीति को नया आयाम दिया। आज देश विदेश में उनकी चर्चा होती है।’

केजरीवाल सभी 90 सीटों पर अपनी पार्टी के प्रत्याशी उतारेंगे

भगवंत मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह इशारा भी कर दिया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेगी। 90 की 90 सीटों पर अरविंद केजरीवाल अपनी पार्टी के उम्मीदवार खड़ा करेंगे। हालांकि, मौजूदा समय में आम आदमी पार्टी भी विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. का एक घटक है।

कांग्रेस भी अकेले चुनाव लड़ने का संकेत दे चुकी है

गौर करने वाली बात यह है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस सत्तारूढ़ ‘आप’ सरकार पर हमलावर हैं। वहीं, हरियाणा में गठबंधन को लेकर कांग्रेस के दिग्गज व वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी कहा था कि विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं होगा।

Exit mobile version