Site icon Revoi.in

लोकसभा चुनाव : आम आदमी पार्टी ने दिल्ली-हरियाणा के लिए घोषित किए अपने उम्मीदवार

Social Share

नई दिल्ली, 27 फरवरी। राष्ट्रीय राजधानी में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) ने आगामी लोकसभा चुनाव के निमित्त दिल्ली व हरियाणा के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। उल्लेखनीय है कि विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. के तहत कांग्रेस के साथ सीटों के तालमेल में ‘आप’ को दिल्ली की चार और हरियाणा की एक लोकसभा सीट मिली है।

नई दिल्ली से सोमनाथ भारती और महाबल मिश्रा पश्चिमी दिल्ली से लड़ेंगे चुनाव

AAP की ओर से मंगलवार को जारी सूची के अनुसार नई दिल्ली से सोमनाथ भारती पार्टी उम्मीदवार होंगे जबकि पश्चिमी दिल्ली से महाबल मिश्रा को मैदान में उतारा जाएगा। दक्षिण दिल्ली से सहीराम पहलवान और पूर्वी दिल्ली से कुलदीप कुमार चुनाव लड़ेंगे। वहीं हरियाणा (करुक्षेत्र सीट) से सुशील गुप्ता AAP के उम्मीदवार होंगे।

कांग्रेस से समझौते में मिली हरियाणा की एकमात्र कुरुक्षेत्र सीट से सुशील गुप्ता प्रत्याशी

हरियाणा में कांग्रेस 10 में से नौ लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी और उसने कुरुक्षेत्र सीट आम आदमी पार्टी के लिए छोड़ी है। कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक ने आम आदमी पार्टी के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में घोषणा की थी कि कांग्रेस गोवा की दोनों लोकसभा सीट पर और चंडीगढ़ में एकमात्र सीट पर चुनाव लड़ेगी। हालांकि गठबंधन के बावजूद पंजाब में आम आदमी पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी वहीं गुजरात के भरूच व भावनगर लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी।

फिलहाल दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा

फिलहाल दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है। उत्तर पूर्व दिल्ली से मनोज तिवारी, उत्तर पश्चिम दिल्ली से हंसराज हंस, चांदनी चौक से डॉ. हर्षवर्धन, पूर्वी दिल्ली से गौतम गंभीर, नई दिल्ली से मीनाक्षी लेखी, पश्चिम दिल्ली से प्रवेश वर्मा और दक्षिण दिल्ली से रमेश बिधूड़ी मौजूदा सांसद हैं।