Site icon hindi.revoi.in

उत्तराखंड : पिथौरागढ़ में सवारियों से भरा वाहन नदी में गिरा, 8 की मौत, 6 गंभीर रूप से घायल

Social Share

पिथौरागढ़, 15 जुलाई। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में मंगलवार को बड़ा हादसा हुआ, जब सवारियों से भरा वाहन (मैक्स) नदी में जा गिरा। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि छह अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक वाहन (मैक्स जीप) मुवानी से बोकटा जा रहा था। अपराह्न करीब चार बजे वाहन थल-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर मुवानी क्षेत्र के भंडारी गांव के पास अनियंत्रित होकर सूनी पुल से 100 फीट नीचे नदी में जा गिरा। वाहन में कुल 14 लोग सवार थे। हादसे में वाहन के परखच्चे उड़ गए।

एसएसपी रेखा यादव ने बताया कि वाहन मुवानी से बोकटा की तरफ जा रहा था कि अचानक वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और वह अपने अंतिम स्टेशन पर पहुंचने से कुछ कदम पहले ही नदी में जा गिरा। हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दो सगी बहनें सहित सभी मृतक बोकटा क्षेत्र के निवासी हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

सीएम धामी ने हादसे पर जताया दुख

इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए हादसे के दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है।

सीएम धामी ने जिला प्रशासन और राहत-बचाव दलों को रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा है कि घायलों को समय पर उचित और नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

Exit mobile version