रायबरेली, 8 फरवरी। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार को देर शाम एक तेज रफ्तार कार ने आठ लोगों को टक्कर मार दी, जिनमें से चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा जगतपुर पुलिस थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनौली गांव के पास तब हुआ, जब कोडर गांव के निवासी चुली गांव में आयोजित सामुदायिक भोज से लौट रहे थे। ये लोग एक्सप्रेसवे से होकर गुजर रहे थे तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया और उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार कि हिमांशी (23 वर्ष) और शालिनी (22 वर्ष) नाम की दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां रश्मि (14 वर्ष) और आसमा (22 वर्ष) ने बाद में दम तोड़ दिया। हादसे में रिया पटेल (14 वर्ष), प्रिया पटेल (12 वर्ष), साधना (नौ वर्ष), मीना (22 वर्ष) और रेशमा (14 वर्ष) घायल हुई हैं, जिन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।
घटना की जानकारी होने पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर तथा पुलिस अधीक्षक रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने बताया, ‘यह दुर्घटना निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार के कारण हुई। चार लोगों की मौत हो गई है और चार अन्य घायल हो गए हैं। वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।’

