Site icon hindi.revoi.in

पहलगाम अटैक पर बनेगी फिल्म! भूषण कुमार-विवेक अग्निहोत्री ला रहे हैं ‘ऑपरेशन सिंदूर’

Social Share

मुंबई, 26 मार्च। भूषण कुमार और विवेक रंजन अग्निहोत्री ने बृहस्पतिवार को अपनी नयी फिल्म ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की घोषणा की। कुमार और अग्निहोत्री के अनुसार, यह फिल्म पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी बुनियादी ढांचे पर भारत के लक्षित सैन्य हमलों के ‘कोडनेम’ से प्रेरित है। यह फिल्म लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. ‘टाइनी’ ढिल्लों (सेवानिवृत्त) की पुस्तक ‘ऑपरेशन सिंदूर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ इंडियाज डीप स्ट्राइक्स इनसाइड पाकिस्तान’ पर आधारित होगी।

इस फिल्म का निर्देशन अग्निहोत्री करेंगे व निर्माण कुमार की टी-सीरीज और निर्देशक की ‘आई एम बुद्धा प्रोडक्शंस’ द्वारा किया जाएगा। वर्ष 2025 में जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गए थे जिनमें अधिकतर पर्यटक थे। कुमार ने एक बयान में कहा, ”कुछ कहानियां चुनी नहीं जातीं, वे आपको चुनती हैं। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ऐसी ही एक कहानी है। जिसे ईमानदारी, साहस और जिम्मेदारी के साथ बताया जाना जरूरी है। जब कोई राष्ट्र इतने बड़े स्तर की घटनाओं से गुजरता है, तो उनका सच्चाई से दस्तावेजीकरण करना महत्वपूर्ण हो जाता है।”

निर्माता-निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री ने यह भी कहा, ”यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है। यह एक रहस्योद्घाटन है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए भारत ने न केवल पहलगाम आतंकी हमले का बदला लिया है और पाकिस्तान को दंडित किया है, बल्कि आधुनिक युद्ध में अपनी शक्ति का प्रदर्शन भी किया है।” ‘द कश्मीर फाइल्स’, ‘द ताशकंद फाइल्स’ और ‘द बंगाल फाइल्स’ जैसी फिल्मों के लिए मशहूर निर्देशक-निर्माता विवेक रंजन अग्निहोत्री ने कहा कि उन्होंने हमेशा ऐसी कहानियां सुनाने में विश्वास किया है जो असहज करने वाली तो होती हैं लेकिन उन्हें कहना जरूरी होता है। उन्होंने कहा, ”मेरा प्रयास साहस, व्यावसायिकता और रणनीतिक स्पष्टता की इस कहानी को प्रमाणिकता के साथ दर्शकों के सामने लाने का है साथ ही इसे एक रोमांचक सिनेमाई अनुभव के रूप में पेश करना भी है।” फिल्म के बारे में अन्य विवरण जल्द साझा किए जाएंगे।

Exit mobile version