Site icon Revoi.in

विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ की तीसरी बैठक में 28 राजनीतिक दलों के 63 प्रतिनिधि भाग लेंगे

Social Share

मुंबई, 30 अगस्त। विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ (INDIA) की दो दिवसीय तीसरी बैठक यहां गुरुवार से होने जा रही है। विपक्षी नेता 2024 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मुकाबला करने के लिए इस बैठक में संयुक्त प्रचार रणनीति पर चर्चा करेंगे।

शरद पवार ने कहा – बसपा नेता मायावती भाजपा के साथ संपर्क में

एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने बुधवार को यहां आहूत एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक में 28 राजनीतिक दलों के 63 प्रतिनिधि भाग लेंगे। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि बसपा नेता मायावती भाजपा के साथ संपर्क में हैं।

‘INDIA जैसे-जैसे आगे बढ़ेगा, भाजपा सरकार गैस सिलेंडर मुफ्त में भी दे सकती है

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कमी पर कहा, ‘INDIA जैसे-जैसे आगे बढ़ेगा, भाजपा सरकार गैस सिलेंडर मुफ्त में भी दे सकती है। हमारी विचारधाराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन उद्देश्य लोकतंत्र की रक्षा करना है। बेंगलुरु में हम 26 (पार्टियां) थे, यहां यह 28 (पार्टियां) हो गई हैं। जैसे भारत बढ़ेगा, वैसे ही चीन पीछे हटेगा।’

हम लोकतंत्र को बचाने और भाजपा के खिलाफ लड़ने के लिए एक साथ आए हैं

महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने कहा, ‘हमें बहुत खुशी है कि भारत गठबंधन की बैठक महाराष्ट्र में होने जा रही है।’ महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक चह्वाण ने कहा, ‘हम लोकतंत्र को बचाने और भाजपा के खिलाफ लड़ने के लिए एक साथ आए हैं। एजेंडे पर चर्चा की जाएगी और हम उसी के अनुसार आगे की चीजें तय करेंगे।’

उल्लेखनीय है कि कर्नाटक की राजधानी में पिछले महीने हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि विपक्ष 2024 का चुनाव एकजुट होकर लड़ेगा और कामयाब होगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था कि उनकी लड़ाई भाजपा की विचारधारा के खिलाफ है।

गठबंधन की पहली बैठक जून में पटना में जबकि दूसरी बैठक जुलाई में बेंगलुरु में हुई थी, जहां इसे ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) नाम दिया गया। वहीं मुंबई में बैठक से पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘इंडिया’ का संयोजक बनाए जाने संबंधी अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी कोई व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा नहीं है और वह सबको एकजुट करना चाहते हैं।