Site icon Revoi.in

महाराष्ट्र : पुणे के पिंपरी चिंचवाड़ में होर्डिंग गिरने से 4 महिलाओं सहित 6 लोगों की मौत, 2 अन्य घायल

Social Share

पुणे, 17 अप्रैल। पुणे में पिंपरी चिंचवाड़ शहर के रावत किवले इलाके में सोमवार की शाम आई तेज आंधी व बारिश के बीच लोहे की होर्डिंग गिरने से छह लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में चार महिलाएं शामिल हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस व दमकल की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू कर दिया।

दरअसल, रावत किवले इलाके में कात्रज देहू सर्विस रोड पर आंधी और बारिश से बचने के लिए कुछ लोग एक दुकान के पास खड़े थे। दुकान के पास ही लोहे की एक होर्डिंग लगी थी। आंधी के चलते होर्डिंग दुकान पर गिर गई, जिससे आठ लोग होर्डिंग के नीचे दब गए।

पुलिस टीम एंबुलेंस और दमकलकर्मियों के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गई। बिलबोर्ड को हटाने और फंसे लोगों को निकालने के लिए छह क्रेनों को लगाया गया। हादसे के बाद बचाव दल होर्डिंग के नीचे फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित निकालने में सफल रहा। घायल व्यक्ति को तुरंत एंबुलेंस में रखा गया और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

आंधी से कई इलाकों में होर्डिंग गिरने की खबरें

सोमवार शाम आई आंधी में शहर के कई अन्य इलाकों में भी होर्डिंग गिरने की घटनाएं हुईं। निगडी के ओटास्किम में भी एक होर्डिंग और एक सिग्नल पोल के गिरने की खबर है। वहीं, रावेत क्षेत्र के मुकाई चौक में ट्रैफिक पुलिस चौकी के पीछे एक पेड़ गिर गया।