Site icon hindi.revoi.in

दिल्ली : निजामुद्दीन में दरगाह की दीवार ढहने से 6 की मौत, कई लोगों के दबे होने की आशंका

Social Share

नई दिल्ली, 15 अगस्त। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित हुमायूं के मकबरे के पास शुक्रवार को अपराह्न बड़ा हादसा हो गया, जब दरगाह शरीफ पत्ते शाह के अंदर बने कमरे की छत और दीवार का हिस्सा अचानक गिर गया। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

दिल्ली फायर सर्विस के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें अपराह्न करीब 3.51 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत पांच फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। राहत और बचाव कार्य जारी है। फंसे लोगों को बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

हादसे में मृत लोगों में तीन पुरुष व तीन महिलाएं शामिल हैं। कई अन्य लोग घायल हो गए। अंतिम समाचार मिलने तक 11 लोगों को मलबे से निकाला गया था और सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जानकारी में छह से सात लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन रेस्क्यू के दौरान संख्या और बढ़ी।

जुमे की नमाज के लिए जुटे थे लोग

एडवोकेट मुजीब अहमद ने कहा, ‘हम वक्फ बोर्ड की ओर से यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि आज यहां जुमे की नमाज के लिए भारी संख्या में लोग एकत्र हुए थे। बस्ती के लोग और बाहर के लोग भी नमाज के लिए आते हैं, लेकिन आज बारिश की वजह से लोग अंदर चले गए थे। यह छत काफी पुरानी थी।

मुजीब अहमद ने आरोप लगाया कि ASI के कर्मचारी इसे रिपेयर नहीं करने देते। कई बार दरगाह कमेटी ने इसकी गुहार लगाई और कहा कि छत से पानी रिसता है, इसकी मरम्मत करने दी जाए, लेकिन एएसआई ने मना कर दिया। उनकी लापरवाही की वजह से छत में क्रैक आ गया था।

Exit mobile version