Site icon hindi.revoi.in

‘3 इडियट्स’ का फुंसुक वांगडू सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं था : आमिर खान ने दूर की वर्षों पुरानी गलतफहमी

Social Share

मुंबई, 17 जुलाई। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने अपनी सुपरहिट फिल्म ‘3 इडियट्स’ के चर्चित किरदार ‘फुंसुक वांगडू’ को लेकर लंबे समय से चली आ रही गलतफहमी पर विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह किरदार शिक्षाविद और क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक से प्रेरित नहीं था। लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में दर्शकों से बातचीत के दौरान आमिर खान से पूछा गया कि क्या ‘3 इडियट्स’ में फुंसुक वांगडू का किरदार सोनम वांगचुक पर आधारित था। इस पर उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “नहीं, यह एक गलतफहमी है। जब फिल्म बनाई जा रही थी, तब हमें सोनम वांगचुक के बारे में जानकारी ही नहीं थी।”

राजकुमार हिरानी और अभिजात जोशी को भी नहीं थी जानकारी

आमिर खान ने कहा कि न केवल उन्हें, बल्कि फिल्म के निर्देशक राजकुमार हिरानी और लेखक अभिजात जोशी को भी उस समय सोनम वांगचुक के बारे में जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा, “हाल ही में मैंने चतुर (ओमी वैद्य) का एक वीडियो देखा, लेकिन मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि न तो राजू, न अभिजात और न ही मुझे फिल्म बनाते समय सोनम वांगचुक के बारे में पता था।”

सोनम वांगचुक के काम की तारीफ

आमिर खान ने कहा कि सोनम वांगचुक समाज के लिए बेहतरीन काम कर रहे हैं और उनके योगदान का सम्मान किया जाना चाहिए। हालांकि, उनका सम्मान करने के लिए यह कहना जरूरी नहीं कि ‘3 इडियट्स’ का किरदार उन्हीं पर आधारित था। उन्होंने कहा, “सोनम जो काम कर रहे हैं, वह बेहद सराहनीय है। लेकिन तथ्य यही है कि फुंसुक वांगडू का किरदार उन पर आधारित नहीं था।”

भूख हड़ताल पर जताई चिंता

सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल को लेकर पूछे गए सवाल पर आमिर खान ने कहा कि उन्हें उनकी सेहत की चिंता है। उन्होंने कहा, “हम सभी उनकी सेहत और जीवन को लेकर चिंतित हैं। उम्मीद है कि सब कुछ ठीक होगा। हम चाहते हैं कि वह अपना उपवास खत्म करें और अपनी सेहत का ध्यान रखें।”

2009 में रिलीज हुई थी ‘3 इडियट्स’

साल 2009 में रिलीज हुई ‘3 इडियट्स’ का निर्देशन राजकुमार हिरानी ने किया था। फिल्म में आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। वहीं करीना कपूर, बोमन ईरानी, मोना सिंह और ओमी वैद्य ने अहम किरदार निभाए थे। यह फिल्म तीन इंजीनियरिंग छात्रों की दोस्ती, शिक्षा व्यवस्था और जीवन के नजरिए पर आधारित कहानी के लिए आज भी दर्शकों की पसंदीदा फिल्मों में शामिल है।

Exit mobile version