नई दिल्ली, 12 मई। भारत इस वर्ष BRICS समूह के विदेश मंत्रियों के शिखर सम्मेलन-2026 की मेजबानी कर रहा है। दो दिवसीय सम्मेलन 14 और 15 मई को राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में होगा। इससे पहले 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन ब्राजील ने रियो डी जेनेरियो में किया था। विदेश मंत्रालय ने सम्मेलन के विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी साझा की है।
14 मई को विदेश मंत्रियों की बैठक से होगी शुरुआत
विदेश मंत्रालय के अनुसार, 14 मई को पूर्वाह्न 10 बजे विदेश मंत्रियों का आगमन भारत मंडपम में होगा। इसके बाद 10.30 बजे पहले सत्र की शुरुआत होगी। दोपहर एक बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ‘सेवा तीर्थ’ में सभी मंत्रियों की संयुक्त मुलाकात प्रस्तावित है। इसके बाद दोपहर 3.10 बजे दूसरे सत्र की शुरुआत होगी। वहीं, शाम सात बजे विदेश मंत्री एस. जयशंकर की ओर से भारत मंडपम में रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा।
15 मई को होगा तीसरा सत्र
सम्मेलन के दूसरे दिन यानी 15 मई को पूर्वाह्न 10 बजे तीसरे सत्र की शुरुआत होगी। इस दौरान सदस्य देशों के बीच विभिन्न वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
2021 में भारत ने की थी 13वें ब्रिक्स सम्मेलन की मेजबानी
इससे पहले 13वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 9 सितम्बर, 2021 को भारत की अध्यक्षता में आयोजित हुआ था। उस सम्मेलन की थीम ‘ब्रिक्स 15 : कंटिन्यूटी, कंसोलिडेशन और कंसेंसस फॉर इंट्रा-ब्रिक्स कोऑपरेशन’ रखी गई थी। सम्मेलन में नई दिल्ली घोषणा-पत्र को अपनाया गया था, जिसमें बहुपक्षीय व्यवस्था में सुधार, आतंकवाद के खिलाफ सहयोग, सतत विकास लक्ष्यों के लिए डिजिटल टूल्स के उपयोग और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया गया था।
भारत ने शुरू किए थे कई नए ट्रैक
भारत ने अपनी पिछली अध्यक्षता के दौरान ब्रिक्स की कार्यप्रणाली को अधिक सरल और सुलभ बनाने की दिशा में कई पहल की थीं। इसके तहत डिजिटल हेल्थ शिखर सम्मेलन और पहली जल मंत्रियों की बैठक जैसे नए मंत्रीस्तरीय ट्रैक शुरू किए गए थे।
कई देशों के विदेश मंत्रियों के शामिल होने की संभावना
बैठक में ब्राजील, रूस, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथोपिया और इंडोनेशिया के विदेश मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात की ओर से उप-विदेश मंत्री स्तर का प्रतिनिधित्व हो सकता है। वहीं, ईरान की ओर से भी उप-विदेश मंत्री स्तर का प्रतिनिधिमंडल भेजे जाने की संभावना है, जबकि चीन के शेरपा प्रतिनिधिमंडल के शामिल होने की उम्मीद है।
वैश्विक दक्षिण और आर्थिक साझेदारी पर रहेगा फोकस
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सम्मेलन में ग्लोबल साउथ, बहुपक्षीय सहयोग, आर्थिक साझेदारी, क्षेत्रीय सुरक्षा और मौजूदा भू-राजनीतिक तनावों जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। भारत ने अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता के लिए ‘बिल्डिंग फॉर इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी’ थीम तय की है। भारत ने 13 जनवरी को ‘ब्रिक्स 2026’ की वेबसाइट, थीम और लोगो भी लॉन्च किया था।

