Site icon Revoi.in

मुंबई में मूसलाधार बारिश के बीच 11 उड़ानें रद, 10 अन्य उड़ानों को डायवर्ट किया गया

Social Share

मुंबई, 25 जुलाई। मुंबई में पिछले कई घंटों से जारी मूसलाधार बारिश से जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। इसका असर हवाई सेवा पर भी पड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लगातार बारिश के बीच गुरुवार को मुंबई हवाई अड्डे से 11 हवाई सेवाओं को रद किया गया। इसके अलावा 10 अन्य उड़ानों का रूट डायवर्ट किया गया है।

मुंबई एयरपोर्ट पर रनवे संचालन को भी दो बार रोकना पड़ा। दरअसल, भारी बारिश की वजह से दृश्यता घटकर 300 मीटर रह गई थी। उधर, सड़कों पर ट्रैफिक और जल भराव को देखते हुए अलग-अलग एयरलांइस ने यात्रियों को एयरपोर्ट पर जल्दी पहुंचने की एडवाइजरी जारी की।

दो बार रोका गया रनवे का संचालन

मुंबई एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया, ‘भारी बारिश की वजह से रनवे संचालन को पहले पूर्वाह्न 8.32 से 8.43 तक 11 मिनट के लिए रोका गया। इसके बाद पूर्वाह्न 10.36 से 10.55 तक 19 मिनट के लिए संचालन रोका गया। खराब मौसम और कम दृश्यता की वजह से रनवे संचालन को रोकना पड़ा।’

वहीं बारिश की वजह से मुंबई एयरपोर्ट से आने-जाने वाली 11 उड़ानों को रद कर दिया गया। इनमें से इंडिगो एयरलाइंस की 10 और एअर इंडिया की एक उड़ान शामिल थी। इसके अलावा, शुरुआत में 10 उड़ानों को अहमदाबाद, सूरत, हैदराबाद, इंदौर और गोवा जैसे नजदीकी हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया गया।

सोशल मीडिया पर यात्रियों से किया गया अनुरोध

एअर इंडिया ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी देते हुए कहा, ‘मुंबई में भारी बारिश की वजह से हमारी उड़ानों पर असर पड़ा है। कुछ उड़ाने रद कीं गईं हैं और कुछ को डायवर्ट किया गया है।’ एअर इंडिया द्वारा यात्रियों को उनके टिकट के पैसे वापस करने की बात भी कही गई। इसके अलावा यात्रियों को यह सलाह भी दी गई कि एयरपोर्ट आने से पहले एअर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर उड़ान की स्थिति को देखें। इसके अलावा इंडिगो एयरलाइंस ने भी अपने यात्रियों से अनुरोध किया है कि एयरपोर्ट आने से पहले उड़ान संबंधी समय सारिणी को जरूर देखें।