Site icon hindi.revoi.in

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में 10 सदस्य नियुक्त, कई प्रदेशों के पूर्व अध्यक्ष शामिल

Social Share

नई दिल्ली, 8 जुलाई। अगले वर्ष प्रस्तावित लोकसभा चुनाव और उसके पूर्व  कई महत्वपूर्ण राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में लगातार फेरबदल किए जा रहे हैं। इस क्रम में शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी स्थित भाजपा मुख्यालय एक बड़ी बैठक हुई, जिसके बाद भाजपा की ओर से राष्ट्रीय कार्यसमिति के 10 सदस्यों की घोषणा की गई।

राष्ट्रीय कार्यसमिति के इन 10 सदस्यों में कई पूर्व प्रदेश अध्यक्षों को भी जगह दी गई है। इनमें झारखंड के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, तेलंगाना के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बंदी संजय और बिहार के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल भी शामिल हैं।

वस्तुतः लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर भाजपा की बैठकों में संगठन में बदलाव, चुनाव की रणनीति को लेकर मंथन का दौर चल रहा है और रोज-रोज नए फैसले लिए जा रहे हैं। इससे पहले भाजपा कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदल चुकी है तो शुक्रवार को चार चुनावी राज्यों में चुनाव प्रभारियों और सह प्रभारियों की नियुक्ति की गई। रविवार को दक्षिणी क्षेत्र के राज्यों की बैठक हैदराबाद में होगी, जिसमें दक्षिण के राज्यों में चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा हो सकती है।

मॉनसून सत्र से पहले मंत्रिमंडल में बदलाव की अटकलें तेज

इसके साथ ही पिछले कुछ दिनों में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और विभिन्न मंत्रियों और पार्टी नेताओं के बीच बैठकों के बाद ये अटकलें और तेज हो गई हैं कि मंत्रिमंडल में बड़ा बदलाव हो सकता है। सूत्रों का कहना है कि 20 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मॉनसून सत्र से पहले बदलावों की घोषणा किसी भी दिन की जा सकती है। मनसुख माडविया के अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रहलाद पटेल जैसे केंद्रीय मंत्रियों ने भी नड्डा से मुलाकात की है। इन मुलाकातों के बाद संगठन से लेकर मंत्रिमंडल तक में बदलावों को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।

Exit mobile version