1. Home
  2. हिंदी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. पाकिस्तान : सिंध प्रांत में हिन्दू महिला और दो किशोरियों का अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन
पाकिस्तान : सिंध प्रांत में हिन्दू महिला और दो किशोरियों का अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन

पाकिस्तान : सिंध प्रांत में हिन्दू महिला और दो किशोरियों का अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन

0
Social Share

कराची, 24 सितम्बर। पाकिस्तान में अल्पसंख्यक हिन्दुओं के खिलाफ अत्याचार का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामलों में सिंध प्रांत में हिन्दू समुदाय की एक महिला और दो किशोरियों का पहले अपहरण किया गया और उनमें दो का जबरन धर्मांतरण कर दिया गया। यही नहीं उनकी जबरन मुस्लिम पुरुषों से शादी भी करा दी गई।

पुलिस के अनुसार 14 वर्षीया मीना मेघवार को नसरपुर इलाके से अगवा किया गया जबकि मीरपुर खास कस्बे में बाजार से घर लौटते समय एक अन्य हिन्दू किशोरी का अपहरण कर लिया गया। तीसरे मामले में तीन बच्चों की मां मीरपुरखास से लापता हो गई। कथित तौर महिला का धर्म परिवर्तन किया गया और बाद में वह मुस्लिम व्यक्ति के साथ दिखाई दी, जिसके साथ उसकी जबरन शादी करा दी गई।

पुलिस का एफआईआर दर्ज करने से इनकार

प्राप्त जानकारी के अनुसार तीसरे मामले में पुलिस ने महिला के पति रवि कुर्मी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार कर दिया। रवि के अनुसार उनकी पत्नी का अपहरण किया गया है और पड़ोसी अहमद चांडियो ने उसका जबरन धर्म परिवर्तित करा दिया। रवि के अनुसार अहमद उनकी पत्नी को अक्सर परेशान किया करता था।

पुलिस बोली – तीनों मामलों की जांच की जा रही

वहीं मीरपुर खास के एक स्थानीय पुलिस अधिकारी के मुताबिक तीनों मामलों की जांच की जा रही है। हालांकि अधिकारी ने यह भी कहा कि विवादित महिला राखी का दावा है कि उसने खुद ही धर्म परिवर्तन किया है और अपनी मर्जी से मुस्लिम व्यक्ति से शादी की है।

सिंध प्रांत में अपहरण-जबरन धर्म परिवर्तन बड़ी समस्या

उल्लेखनीय है कि सिंध प्रांत के भीतरी इलाकों में युवा हिन्दू लड़कियों का अपहरण और जबरन धर्म परिवर्तन एक बड़ी समस्या बन गई है। थार, उमरकोट, मीरपुर खास, घोटकी और खैरपुर इलाकों में बड़ी संख्या में हिन्दू आबादी है। अधिकतर हिन्दू समुदाय के सदस्य पेशे से मजदूर हैं।

जबरन धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम से कराई शादी

इसी वर्ष जून में एक हिन्दू किशोरी करीना कुमारी ने यहां एक अदालत को बताया था कि जबरन उसका धर्म बदलकर इस्लाम में परिवर्तित कर दिया गया और एक मुस्लिम व्यक्ति से शादी करा दी गई। इसी तरह मार्च में तीन हिन्दू लड़कियों – सतरन ओड, कविता भील और अनीता भील का अपहरण कर लिया गया। बाद में उनका भी जबरन धर्म इस्लाम में परिवर्तित कर दिया गया। घटना के आठ दिनों के भीतर ही मुस्लिम पुरुषों से उनकी शादी करा दी गई।

हिन्दू लड़की की गोली मारकर हत्या

गत 21 मार्च को सुक्कुर इलाके के रोहरी में पूजा कुमारी नाम की लड़की की घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। उससे एक दूसरे समुदाय का व्यक्ति शादी करना चाहता था, लेकिन उसने मना कर दिया था और कुछ दिन बाद उसने अपने दो साथियों के साथ उस पर गोलियां चला दीं थीं।

ज्ञातव्य है कि सिंध प्रांत के विभिन्न जिलों में हिन्दू लड़कियों के अपहरण और जबरन धर्मांतरण का मुद्दा 16 जुलाई, 2019 को विधानसभा में भी उठाया गया था। लेकिन जब धर्म परिवर्तन और अपहरण को लेकर प्रस्ताव पारित नहीं किया गया।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code